फोटो: न्यूयॉर्क में मोदी ने कारोबार जगत की नामी हस्तियों से न्यूयॉर्क में नाश्ते की मेज पर मुलाकात की।
वाशिंगटन. प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और उनकी पत्नी हिलेरी क्लिंटन से मुलाकात की। इस दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी मौजूद रहीं। मोदी आज रात
बराक ओबामा के सरकारी निवास यानी व्हाइट हाउस में डिनर में चीफ गेस्ट रहेंगे। लेकिन डिनर के दौरान वे नींबू पानी भी नहीं पिएंगे। नवरात्र के दौरान उपवास कर रहे मोदी को खाना खाए 96 घंटे हो चुके हैं। तब से वे गर्म पानी पर गुजारा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे नींबू पानी भी नहीं ले रहे हैं। पहले कहा गया था कि अमेरिकी दौरे पर मोदी सिर्फ नींबू पानी का सेवन करेंगे। इस बीच, मोदी ने वॉशिंगटन जाने से पहले
न्यूयॉर्क में अपने होटल में कई नामी कंपनियों के सीईओ के साथ नाश्ते पर मुलाकात की। कारोबार जगत की हस्तियों से मोदी ने कहा, 'हम खुले दिमाग से सोच रहे हैं। हम बदलाव चाहते हैं। लेकिन बदलाव एकतरफा न हो। आम लोगों, उद्यमियों और निवेशकों से इस मुद्दे पर बात की जा रही है।'
मोदी से मुलाकात करने वालों में
गूगल के एरिक स्मिट, कार्लाइल ग्रुप के डेविड एम रुबेंस्टीन, कारगिल के सीईओ डेविड मैकलेनन, मर्क एंड कंपनी के सीईओ केनेथ सी फ्रेजियर, हॉस्पिरा चेयरमैन जॉन सी स्टेली, सिटीग्रुप सीईओ माइकल एल कॉर्बैट, कैटरपिलर चेयरमैन ओबरहेलमैन, मास्टरकार्ड प्रेसिडेंट अजय बंगा, पेप्सिको चेयरमैन और सीईओ इंदिरा नूयी शामिल हैं। इनमें अजय बंगा और इंदिरा नूयी भारतीय मूल के हैं।
इसके बाद मोदी ने छह और कॉरपोरेट हस्तियों से भी भेंट की। इनमें गोल्डमैन सैक्स चेयरमैन लॉयड सी ब्लैंकफीन, बोइंग चेयरमैन डब्लू जेम्स मैकनर्नी, ब्लैकरॉक चेयरमैन लॉरेंस डी फिंक, आईबीएम चेयरमैन गिन्नी रोमेटी, जनरल इलेक्ट्रिक चेयरमैन जेफ इमेल्ट शामिल हैं।
व्यस्त कार्यक्रम
मोदी के लिए सोमवार का दिन बहुत अहम है। मोदी के सम्मान में अमेरिका के राष्ट्रपति
बराक ओबामा अपने निवास व्हाइट हाउस में डिनर आयोजित कर रहे हैं। रात के खाने का यह कार्यक्रम व्हाइट हाउस के ब्लू रूम में आयोजित होगा। डिनर भारतीय समय के अनुसार मंगलवार भोर में करीब साढ़े चार बजे होगा। अमेरिकी समय भारतीय समय से करीब साढ़े नौ घंटे पीछे है। वाशिंगटन में मोदी कई अमेरिकी नेताओं को श्रद्धांजलि देंगे। वे महात्मा गांधी की मूर्ति पर भी श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
आगे की स्लाइड में पढ़िए, मोदी के उपवास पर अचरज में हैं अमेरिकी और सिर्फ पानी से गुजारा कर रहे हैं भारतीय पीएम: