इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, कुछ केंद्रीय मंत्रियों और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, जिला एवं सत्र कोर्ट ने सोमवार को पाकिस्तान अवामी तहरीक (पीएटी) की याचिका पर इस्लामाबाद पुलिस ने शरीफ के साथ ही केंद्रीय मंत्रियों और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया था।
कोर्ट ने पुलिस को इस मामले में कानून का कड़ाई से पालन किए जाने के निर्देश भी दिए हैं। पीएटी ने पिछले महीने 30 अगस्त को उसके तीन कार्यकर्ताओं की कथित हत्या के मामले को लेकर कोर्ट में याचिका दायर की थी। शरीफ और अन्य के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अधिनियम (एटीए) की धारा सात और पाकिस्तानी दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।