काहिरा. मिस्र में सेना मुर्सी समर्थकों से टकराव के मूड में आ गई है। सेना अध्यक्ष जनरल अब्देल फतह अल-सीसी ने जनता से अपील की है कि वह हिंसक रैलियों के जवाब में रैलियां निकालें।
उन्होंने कहा कि सेना समर्थित रोडमैप को रद्द नहीं किया जाएगा। इसमें छह माह में चुनाव कराने की व्यवस्था है। मुर्सी समर्थक मुस्लिम ब्रदरहुड ने कहा है कि यह सीसी की धमकी है। वह अपदस्थ राष्ट्रपति के समर्थन में प्रदर्शन जारी रखेगा।
सीसी ने सीधे टीवी प्रसारण में कहा, ‘शुक्रवार को हिंसा हो सकती है। इसलिए लोग घरों से निकलें। क्यों निकलें? वे (जनता) मुझे जनादेश और आदेश देने निकलें कि मैं हिंसा और संभावित आतंकी तत्वों का मुकाबला करूं।’ सीसी का यह बयान ऐसे समय आया जब एक दिन पहले ही काहिरा से 110 किमी दूर मानसूरा में रातभर बमबारी हुई।
इसमें एक व्यक्ति मारा गया और 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मुस्लिम ब्रदरहुड के वरिष्ठ सदस्य एसम अल ईरियन ने कहा, ‘यह अपील नहीं धमकी है।’ उन्होंने फेसबुक पर लिखा, ‘तुम्हारी धमकी लाखों लोगों को जमा होने से नहीं रोक सकेगी।’
भारतीय राजदूत ने दी इफ्तार पार्टी
इस बीच, काहिरा में भारतीय राजदूत नवदीप सूरी ने इफ्तार पार्टी दी। इसमें करीब 180 लोग शामिल हुए। इनमें अंतरिम सरकार के मंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री एसम शराफ, पूर्व उपप्रधानमंत्री याह्या अल-गमाल भी शामिल थे।