फोटो: पीएमविजिट.ओआरजी वेबसाइट का स्क्रीनशॉट
न्यूयॉर्क. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान भारतीय मूल के अमेरिकियों द्वारा उनके स्वागत समारोह में शामिल होने वालों को अब निराशा हाथ लगेगी। इस समारोह के लिए सीटों की बुकिंग ऑनलाइन की जा रही थी, लेकिन अब बुकिंग वेबसाइट पर कहा जा रहा है कि सीटें खत्म हो गई हैं। इस पर उन लोगों से टिकट रद्द कराने का आग्रह किया जा रहा है जिनका किसी वजह से कार्यक्रम में शामिल नहीं होना तय हो गया हो। कार्यक्रमस्थल में करीब 20 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है, लेकिन इसके लिए पीएमविजिट.ओआरजी वेबसाइट के जरिए करीब 40 हजार लोगों ने सीट बुक कराने के लिए अर्जी दी है।
मोदी का यह स्वागत समारोह न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वैयर गार्डन में आयोजित होगा। इसमें 20 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। जो लोग गार्डन परिसर में जगह नहीं पा पाएंगे, उनके लिए टाइम्स स्क्वैयर पर विशाल स्क्रीन लगाने का इंतजाम किया गया है। भाषण सुनाने के लिए खास तौर से तैयार किया गया एक ऐप स्मार्टफोन पर डाउनलोड कर भी मोदी को लाइव सुना जा सकता है।