न्यूयॉर्क. अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए जहां एक और जोरदार तैयारियां चल रही हैं, वहीं मोदी का विरोध करने वालों की भी कमी नहीं है। न्यूयॉर्क और वाशिंगटन यात्रा के दौरान कई मोदी विरोधी संगठनों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन और रैली करने का फैसला किया है। अभी हाल ही में बने अलायंस फॉर जस्टिस एंड अकाउंटिबिलिटी ने सोमवार को कहा है कि 28 सितंबर को मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन के बाहर
नरेंद्र मोदी को काले झंडे दिखाए जाएंगे।
व्हाइट हाउस के सामने होगा प्रदर्शन
सिख फॉर जस्टिस ने 30 सितंबर को व्हाइट हाउस के सामने विरोध करने का एलान किया है। उस दौरान मोदी ओबामा से ओवल ऑफिस में बैठक करेंगे। संगठन ने बताया कि व्हाइट हाउस के सामने प्रेसिडेंट पार्क में कोर्ट रूम का डमी सेट भी बनाया जाएगा, जिसमें कोर्ट पेशी का नाटक खेला जाएगा। साल 2002 में गुजरात में हुए दंगों में मोदी की भूमिका पर सिख संगठन द्वारा चार्जशीट जारी की जा चुकी है।
किसी विदेशी नेता के लिए सबसे ज्यादा भीड़
मोदी की अमेरिका के प्रवासी भारतीयों में खासा उत्साह है। जब रविवार को मोदी मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में हिंदी में लोगों को संबोधित करेंगे, उस दौरान यहां 18 हजार लोगों के मौजूद रहने की संभावना है। अमेरिका की धरती पर किसी विदेशी नेता के आगमन पर इकट्ठा होने वाली भीड़ का यह अब तक का शायद सबसे बड़ा आंकड़ा होगा।
टाइम स्क्वॉयर की बड़ी स्क्रीन पर होगा प्रसारण
जो लोग मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में नहीं आ पाएंगे, उनके लिए न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वॉयर में बड़ी स्क्रीन के साथ ही छोटे-छोटे पर्दे भी लगाए जाएंगे। भारतीय समुदाय को उम्मीद है कि मोदी की यह यात्रा अमेरिका के साथ दुनिया में भारत की साख को बढ़ाएगी।
अमेरिकी दौरे का कार्यक्रम
26 सितंबर: मोदी दोपहर ढाई बजे न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
27 सितंबर: सुबह 11 बजे संयुक्त राष्ट्र महासभा में संबोधन।
28 सितंबर: सुबह 11 बजे मेडिसन स्क्वॉयर गार्डन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय को संबोधन।
29 सितंबर: वाशिंगटन डीसी के लिए उड़ान, अमेरिकी सीनेटर्स से मुलाकात। शाम को व्हाइट हाउस में ओबामा के मेहमान।
30 सितंबर: सुबह व्हाइट हाउस में ओबामा से विस्तृत मुलाकात।
30 सितंबर: शाम छह बजे भारत के लिए उड़ान भरेंगे।
अमेरिका को बताएंगे कि भारत क्या है...
बोस्टन के मेसाच्युसेट्स जनरल हास्पिटल मे आथरेस्कोपिक सर्जरी के प्रमुख डॉ. दिनेश पटेल कहते हैं कि भारतीय नागरिक और विश्व भर में रह रहे प्रवासी भारतीयों को उम्मीद है कि मोदी सरकार नौकरशाही पर लगाम लगाकर जनता पर ध्यान देगी। डॉ. पटेल गुजराती हैं। वह बताते हैं कि लोग मोदी को देखने के लिए उत्सुक हैं। वह अमेरिका को यहां आकर बताएंगे कि भारत क्या है। यह कार्यक्रम भारतीय समुदाय के प्रतिष्ठित सदस्य नीना दावुलूरी और टीवी पत्रकार हरि श्रीनिवास के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।