लाहौर/नई दिल्ली. पाकिस्तान में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे नवाज शरीफ ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को न्योता दिया है। उन्होंने कहा है किवे दोनों देशों में मौजूद अविश्वास की भावना कम करने की कोशिश करेंगे। उधर, सिंह ने भी शरीफ को भारत आने का निमंत्रण दिया है। भाजपा ने कहा है कि यह निमंत्रण जल्दबाजी में दिया है।
पहले देखना चाहिए था कि पाकिस्तान में सुधार भी हुआ है या नहीं। नवाज शरीफ ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने सिंह से काफी देर तक बातचीत की और दोनों ने एक दूसरे को अपने देश आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा, दोनों देशों में मौजूद भय की भावना को दूर करने की जरूरत है। भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में कुछ सुधार आया है, लेकिन शक की वजह से यह मजबूत नहीं हो सका। नवाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और पाकिस्तान को एक-दूसरे की बात सुनने की जरूरत है।
सरकार बनाने की कवायद शुरू
शरीफ ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि वे किसी गठबंधन के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन मौजूदा राजनीतिक हालत में बिना किसी बैसाखी के सरकार बना सकते हैं। इमरान खान पहले ही विपक्ष में बैठने की घोषणा कर चुके हैं। इमरान ने पीएमएल-एन पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए श्वेतपत्र की मांग
की है।
नवाज की जीत से पाक निवेशकों ने कमाए 10 हजार करोड़
कराची. पाकिस्तान के आम चुनावों में नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएल (एन) की जोरदार जीत से वहां के निवेशक ‘मालामाल’ हो गए हैं। नवाज के प्रधानमंत्री बनने की आहट से ही पाकिस्तान के शेयर बाजार ने सोमवार को रिकॉर्ड तोड़ दिया। इतिहास में पहली बार शेयर बाजार 20000 के आंकड़े को पार कर गया। इससे निवेशकों की संपत्ति में करीब 10 हजार करोड़ रुपए का इजाफा हुआ।