लंदन। ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड में इबोला महामारी की रोकथाम के टीकों का इंसानों पर ट्रायल शुरू हो गया है। जानवरों पर सफल परीक्षण के बाद यह टीका 60 स्वस्थ वॉलंटियर्स को लगाया जा रहा है।
अगर परीक्षण सफल रहे तो इसे इबोला प्रभावित इलाकों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को दिया जा सकेगा। इस साल के अंत तक यह उपलब्ध हो जाएगा। उस समय तक दवा की 10,000 खुराक बन जाने का अनुमान है। दवा कंपनी ग्लेक्सोस्मिथक्लाइन और अमरीका का राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान इस दवा को विकसित कर रहे हैं। इबोला वायरस के तेजी से फैलाव को देखते हुए इस दवा के आपात स्थिति में तेजी से परीक्षण किए जा रहे हैं।
वैसे आमतौर पर किसी भी दवा के इस्तेमाल से पहले कई साल तक क्लीनिकल ट्रॉयल किए जाते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार पश्चिमी अफ्रीका के चार देशों में इबोला से इसी साल 2,461 लोग मारे गए हैं।
तीन दिन के लिए बंद रहेगा सियरा लियोन में
सियरा लियोन में काम कर रहे भारत के उज्जैन निवासी राहुल ने बताया कि तीन दिन के लिए पूरे देश में शटडाउन किया गया है। लोगों को अपने घरों में रहने को कहा गया है। इन तीन दिनों के दौरान विदेशों से आए डॉक्टर और टीम घर-घर जाकर लोगों की जांच करेगी।
(तस्वीर- ऑक्सफोर्ड वैक्सीन ग्रुप सेंटर में इबोला वैक्सीन का इंजेक्शन लगवाती ब्रिटिश नागरिक रुथ एटकिन्स।)