एजेंसी.लागोस नाइजीरिया में एक घर से 17 गर्भवती लड़कियों और 11 बच्चों को मुक्त कराया गया है। दक्षिण-पूर्वी इमो प्रांत के इस घर को पुलिस ने ‘बच्चों की फैक्टरी’ करार दिया है। बच्चों को बेचने की साजिश रचने वाली महिला फरार हो गई है। पुलिस प्रवक्ता ज्वाय एल्मोको ने कहा, ‘मुक्त कराई गई लड़कियों ने बताया कि उन्हें दिन में एक बार खाना मिलता था। बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी। 23 साल का एक लड़का उन सभी को गर्भवती करने का जिम्मेदार है।’ पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। यूरोपीय संघ के अनुसार चीन के बाद नाइजीरिया दूसरा सबसे बड़ा मानव तस्करी का केंद्र है। यहां लड़कियों को न केवल वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर किया जाता है, बल्कि ऐसी लड़कियों की संतानों को दूसरे देशों में बेचने की भी व्यवस्था की जाती है।
मानव तस्करी निषेध एजेंसी (एनएपीटीआईपी) के अनुसार एक बच्चे को करीब 4000 डॉलर (लगभग 2.20 लाख रुपए) में बेचा जाता है। ये बच्चे निसंतान दंपतियों को, जादू-टोने के लिए बलि देने वालों को बेचे जाते हैं।