वाशिंगटन। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने अमेरिकी नन और धार्मिक समूहों को राष्ट्रपति ओबामा के ड्रीम प्रोजेक्ट हैल्थकेयर बीमे में छूट देने की घोषणा की है। इस बीमा कानून में नियोक्ताओं का सभी लोगों का स्वास्थ्य बीमा करवाना जरूरी है। इसमें गर्भनिरोध संबंधी बीमा भी शामिल है। कैथोलिक समुदाय ने इसका विरोध किया था।
कोर्ट ने कहा है कि यह छूट कोर्ट में सुनवाई तक जारी रहेगी। ऐसे धार्मिक समूहों को इस कानून के संबंध में अपनी आपत्तियां स्वास्थ्य विभाग को लिखित में देनी होंगी। कोर्ट में जिन समूहों ने शिकायत की थी उनमें बाल्टीमोर की लिटिल सिस्टर्स ऑफ द पूअर की नन शामिल थीं। ये अमेरिका के कई हिस्सों में नर्सिंग होम चलाती हैं। इनके अलावा इलिनॉय के क्रिश्चियन ब्रदर्स सर्विसेस ऑफ रोमियोविले ने भी याचिका लगाई थी। ये कैथोलिक समुदाय को स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाते हैं।
दोनों समूहों ने अपने रोमन कैथोलिक होने का हवाला दिया है। उन्होंने कहा है कि उनका धर्म गर्भनिरोधक उपायों के खिलाफ है। ओबामा प्रशासन ने कहा है कि जो लोग गर्भ निरोध के खिलाफ हैं वे अपने नियोक्ताओं की तरफ से स्वास्थ्य बीमा लेने के बजाय अपना अलग बीमा करवाएं। ओबामा प्रशासन ने साफ कर दिया है कि धर्म निरपेक्ष बिजनेसमैन अपने धर्म का हवाला देकर अपने कर्मचारियों का बीमा नहीं रोक सकेंगे।
अंतरराष्ट्रीय जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमसे फेसबुक और ट्विटर पर भी जुड़ सकते हैं। यहां क्लिक करके डाउनलोड करें हमारी मोबाइल एप्लीकेशन।