वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति
बराक ओबामा अब आरपार की लड़ाई के मूड में दिख रहे हैं। उन्होंने बुधवार को कांग्रेस से अपील की कि वह मिडल ईस्ट में इस्लामिक स्टेट के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की मंजूरी दे। ओबामा ने कहा है "ISIS हारने जा रहा है।" उन्होंने व्हाइट हाउस के रूजवेल्ट कमरे से कहा, "कोई गलती मत करो। यह एक कठिन मिशन है और कुछ समय के लिए मुश्किलों भरी रहेगी।" ओबामा की ये अपील ऐसे समय में आई है, जब कुछ दिन पहले ही अमेरिकी नेतृत्व में किए गए हवाई हमलों में अमेरिकी बंधक 26 वर्षीय कायला मूलर मारी गई थी।
ओबामा की अपील पर कांग्रेस दो धड़े में बंटी हुई है। जहां रिपब्लिकन नाराज है, वहीं डेमोक्रेटिक सांसदों ने हामी भर दी है। ओबामा ने यह भी कहा है, "मैं इस बात से सहमत हूं कि देश को किसी लंबे जमीनी युद्ध में नहीं उलझना चाहिए।" बता दें कि अफगानिस्तान में अमेरिका 13 साल लंबा युद्ध लड़ चुका है। जिसे अब तक का सबसे खर्चीला युद्ध भी माना गया।
उन्होंने कहा, "कमांडर इन चीफ होने के नाते, मैं अपने सैनिकों को वहां तभी भेजूंगा जब राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर जरूरत महसूस होगी।" साथ ही कहा, "हमारा यह संकल्प तीन साल का है।" एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी नेतृत्व में गठबंधन सेना
इराक और सीरिया में इस्लामिक स्टेट के ठिकानों पर 2,300 से ज्यादा हवाई हमले कर चुकी है।