फाइल फोटो: पाकिस्तानी आर्मी
वॉशिंगटन। अमेरिका पाकिस्तान की सेना को अपनी सेना की तरह ही मजबूत और सक्षम बनाने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल उत्तरी वजीरिस्तान में तालिबान आतंकियों को खत्म करने के लिए वह 160 विशेष सैन्य वाहन पाकिस्तान को दे रहा है। एमआरएपी नामक इन वाहनों पर बारूदी सुरंगों का भी असर नहीं होता है।
अमेरिका की रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है। इसमें कहा गया है कि अमेरिका से ये वाहन और फौजी कलपुर्जे मिलने के बाद पाकिस्तान अपनी सेना को उसी स्तर की सुरक्षा देने में सक्षम हो जाएगा जैसी अमेरिकी सुरक्षा बलों को दी जाती है।
शुरुआती सौदा 19 करोड़ 80 लाख डॉलर का है। वाहनों के साथ अमेरिकी सरकार पाकिस्तान में करीब 18 महीनों के लिए दो सरकारी और 24 कॉन्ट्रेक्टर प्रतिनिधि भेजेगा। ये इन सैन्य वाहनों के निरीक्षण, सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षण आदि में मदद करेंगे। इस सौदे के तहत एंबुलेंस और रिकवरी वाहन भी पाकिस्तान को मिलेंगे।