पेशावर। खैबर पख्तूनवा प्रांत की राजधानी के बाचा खान इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान पर गोलियां चलाई गई। विमान, पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का था। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, विमान और यात्रियों को नुकसान नहीं पहुंचा है।
गौरतलब है कि जून में भी इस एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान एक यात्री विमान पर गोलियां चलाई गई थीं। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और दो क्रू मेंबर्स घायल हुए थे।
अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन की फ्लाइट PK-756, रियाद से आ रही थी। सुलेमानखेल और माशोखेल के बीच विमान पर गोलियां चलाई गई।
सिविल एविएशन अथॉरिटी के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें फायरिंग की सूचना मिली। हालांकि, बिना किसी नुकसान के विमान को सुरक्षित लैंड करवा लिया गया। उन्होंने बताया कि आधिकारिक रूप से वे हमले की पुष्टि नहीं कर सकते।
बधबर पुलिस ने बताया कि उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी थी और वे मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खैबर पख्तूनवा क्षेत्र में शादी-पार्टियों के दौरान हवा में फायरिंग आम है, शायद इस दौरान विमान पर फायरिंग हुई हो।
एक अन्य सुरक्षा सूत्र ने डॉन को बताया कि हल्के रेंज के हथियार से विमान पर करीब एक मिनट तक गोलियां चलाई गई। गोलियां चलाने वालों की तलाश के लिए सिक्युरिटी फोर्सेस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।