फोटो: न्यूयॉर्क में चीन के विदेश मंत्री वांग यी के साथ सुषमा स्वराज।
न्यूयॉर्क। संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर का मुद्दा उठाने की बात कहकर पाकिस्तान ने राजनीतिक
माहौल को गरमा दिया है। भारत ने भी इस मुद्दे पर पाकिस्तान को करारा जवाब देने की
तैयारी कर रखी है। सूत्रों का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन से जुड़े एक सीनियर अधिकारी जवाब देंगे। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तान की जमकर खिंचाई की थी और दोनों देशों के विदेश सचिवों के बीच बातचीत रद्द होने के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया था। स्वराज ने कहा था कि
अलगाववादियों से बातचीत कर पाकिस्तान ने पूरा खेल बिगाड़ दिया।
पाकिस्तान उठाएगा कश्मीर का मुद्दा
पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज अहमद चौधरी से जब पूछा गया कि क्या प्रधानमंत्री नवाज शरीफ संयुक्त राष्ट्र के 26 सितंबर के अपने संबोधन में कश्मीर का मुद्दा उठाएंगे तो उन्होंने कहा, 'ऐसी कोई वजह नहीं है कि शरीफ अपने संबोधन में
कश्मीर मुद्दे को नहीं उठाएं।' चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान का मानना है कि जनमत संग्रह आज भी कश्मीर मुद्दे का समाधान है। भारत से बातचीत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की बातचीत तभी शुरू होगी जब भारत पहल करे। उन्होंने कहा, 'दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू करने की पहल की जिम्मेदारी भारत की है। अगर भारत वार्ता की पहल करता है तो पाकिस्तान इस पर विचार करेगा, क्योंकि पहले विदेश सचिव स्तर की द्विपक्षीय बातचीत को उसी ने रद्द कर दिया था।'
स्वराज ने पाकिस्तान को लिया आड़े हाथ
इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने द्विपक्षीय वार्ता के मुद्दे पर पाकिस्तान को आड़े हाथ लिया था और उसे खेल बिगाड़ने का जिम्मेदार बताया था। स्वराज ने कहा था, पिछले महीने इस्लामाबाद में भारत-पाकिस्तान के विदेश सचिवों की मुलाकात से कुछ दिन पहले हुर्रियत नेताओं के साथ बातचीत करके पाकिस्तान ने बातचीत पर पानी फेर दिया। नई सरकार ने एक नया संकेत दिया था और उन्होंने (पाकिस्तान ने) पूरा खेल बिगाड़ दिया।
आगे पढ़ें: वॉल स्ट्रीट जर्नल में मोदी ने लिखा लेख, अमेरिका से रिश्ते बढ़ाने पर दिया जोर