इस्लामाबाद. पाकिस्तान में 11 मई को चुनाव के बाद ऊंट किस करवट बैठेगा इसके कयास अभी से लगाए जाने लगे हैं। चुनाव में तीन पार्टियों की कड़ी टक्कर मानी जा रही है। लेकिन एक सर्वे के मुताबिक, इनमें से किसी को भी स्पष्ट बहुमत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। हेराल्ड सर्वे के मुताबिक, आने वाले समय में सरकार बनाने को लेकर जमकर महाभारत होने वाली है।
मार्च 2013 में कराए गए इस सर्वे के मुताबिक, पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) को सबसे ज्यादा 34.89 फीसदी सीटें मिलनी की उम्मीद है। सत्तारूढ़ पार्टी पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी देश इस चुनाव में दूसरे पायदान पर होगी। उसे 24.89 फीसद सीट मिल सकती है।
वहीं, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीके इंसाफ इस चुनाव में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के बन कर उभरेगी। विशेषज्ञों के मुताबिक, उसे 12.11 फीसद सीट मिलने के आसार है। दस में से सात विशेषज्ञों के अनुसार पीएमएल 30 फीसद या उससे अधिक सीटें पा सकती है। दो विशेषज्ञों ने इस आकड़े को 44 फीसद और एक ने 35 फीसद बताया है।