झांग। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक व्यक्ति को उसकी पत्नी और चार बच्चों समेत मार डाला गया। झांग जिले के अथारा हजारी पुलिस स्टेशन के अनुसार, 55 साल पहले किए गए प्रेम विवाह से नाराज रिश्तेदार ने इस परिवार की हत्या कर दी। इस घटना में पांच बच्चे बुरी तरह जख्मी हैं।
पुलिस के मुताबिक, गुलाम फातिमा और रावलपिंडी के फजल रज्जाक ने 55 साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह किया था। गुलाम के पहले पति की मौत हो चुकी है। शादी के बाद यह जोड़ा झांग चला गया, जहां उनके नौ बच्चे हुए। वर्तमान में यह परिवार मलकाना मोर इलाके में रह रहा था, जहां रज्जाक मजदूरी का काम करता था। कुछ दिन पहले फातिमा के पहले पति का बेटा फजल उनके घर आया और वहीं रहने लगा।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात फजल ने खाने में नशीली दवा मिला दी, जिसे खाने के बाद पूरा परिवार बेहोश हो गया। बाद में उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर पति-पत्नी और उनके चार बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मारे गए बच्चों में राबिया (23), यास्मीन (20), कैनत (5) और उस्मान (11) शामिल है।
इस हमले में पांच अन्य बच्चे शाजिया (20), इब्राहिम (6), इस्माइल (4) और मोहम्मद हुसैन (3) बुरी तरह घायल हुए हैं।
हमले के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग गए। अगली सुबह पड़ोसियों को इसके बारे में मालूम चला और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। शवों को कब्जे में लेकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
स्थानीय पुलिस रावलपिंडी में रज्जाक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, ताकि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सके।