बीजिंग। ऑस्ट्रेलियाई फोटोग्राफर पीटर लिक ने इस हफ्ते एक विश्व रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने अपनी एक तस्वीर 'फैंटम' को 65 लाख डॉलर (करीब 40 करोड़ 50 लाख रुपए) में बेचा है। समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, लिक की वेबसाइट पर जारी एक बयान में कहा गया है कि अब-तक की सबसे महंगी तस्वीर बेचकर लिक ने इतिहास बनाया है।
फैंटम एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर है, जिसमें प्रकाश की एक किरण को एरिजोना के प्राकृतिक दृश्य से गुजरते हुए दिखाया गया है। इस तस्वीर को खरीदने वाले की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है। वेबसाइट के मुताबिक, 2014 में पीटर ने इतिहास में सबसे महंगी बिकी तस्वीरों के सभी विश्व रेकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 2010 में पीटर ने 10 लाख डॉलर (करीब साढ़े छह करोड़ रुपए) में एक तस्वीर बेची थी।
दुनिया में सबसे महंगी तस्वीरें बेचने वालों की शीर्ष 20 की लिस्ट में पीटर की चार तस्वीरें शामिल हैं। लिक ने युवावस्था में ही ऑस्ट्रेलिया में प्रकृति के आश्चर्यों को तस्वीरों में कैद करना शुरू कर दिया था। कुछ ही समय में उनकी तस्वीरें प्रसिद्ध होने लगी। उनकी मांग दिन पर दिन बढ़ने लगी।
(फोटो: 40 करोड़ रु. में बिकी पीटर लिक की तस्वीर फैंटम)