पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पाकिस्तान में प्रोफेसर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में ईशनिंदा के आरोपी और अपने उदारवादी विचारधारा के लिए सहकर्मियों के निशाने पर रहे एक प्रोफेसर की गुरुवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार दो लोगों ने सुबह कराची स्थित विश्वविद्यालय के डीन डॉ मुहम्मद शकील औज की गोली मारकर हत्या कर दी।
बंदूकधारियों ने डॉ औज की कार पर गोलीबारी की, जिसमें सवार होकर वह ईरानियन कल्चरल सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। गोली डॉ औज के सिर में लगी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। डॉ औज को शिक्षण के दौरान अधिक उदारवादी रवैया अपनाने के लिए उनके सहकर्मियों से धमकी मिल चुकी थी। उन्होंने इस संबंध में 2012 में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके चार सहकर्मी उन पर ईशनिंदा का आरोप लगाकर उन्हें धमकी दे रहे हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में ईशनिंदा के अपराधी को मौत की सजा का प्रावधान है। पाकिस्तान में इन दिनों ईशनिंदा के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि, सामाजिक कार्यकर्ता का कहना है कि यह आपसी रंजिश निकालने या जबरन वसूली करने के तरीके के रूप में विकसित हो रहा है।