मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति
व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन को पूर्वी भाग में लड़ाई और विद्रोहियों द्वारा नियंत्रित क्षेत्र पर आर्थिक दबाव बंद करने की चेतावनी दी है। उन्होंने बुधवार को बेलारूस के मिन्स्क में फ्रांस और जर्मनी के नेताओं के साथ अपनी शिखर बैठक के पहले मिस्र के एक समाचार पत्र को दिए इंटरव्यू में यूक्रेन को चेतावनी देकर साफ कर दिया कि पूर्वी यूक्रेन के संकट पर उनके रुख में कोई नरमी नहीं आई है।
पुतिन ने समाचार पत्र अलहराम को दिए इंटरव्यू में कहा है कि सबसे अधिक महत्वपूर्ण बात पूर्वी यूक्रेन की स्थिति को सुधारने के लिए वहां तुरंत युद्धविराम लागू करना और आतंकवाद के नाम पर हमले बंद करना है। उन्होंने कहा कि पूर्वी यूक्रेन के दोनवास क्षेत्र पर आर्थिक दबाव डालने का काम भी बंद होना चाहिए। क्योंकि वहां के लोगों का सामान्य जीवन अस्तव्यस्त होने से स्थिति और बिगड़ सकती है।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन के पूर्वी भाग में हिंसा पश्चिमी देशों के समर्थन से पिछले वर्ष राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के किए गए तख्ता पलट की प्रतिक्रिया है।