फोटो- कोरियन एयर के सीईओ की बेटी चो ह्यून-आह
सियोल। दक्षिण कोरियाई एयरलाइंस कोरियन एयर के एक अटेंडेंट को सिर्फ इसलिए विमान से उतार दिया गया, क्योंकि उसने एक यात्री को बिना मांगे ही नट्स (बादाम) परोस दिया था। ये यात्री भी कोई और नहीं बल्कि कोरियन एयर के सीईओ की बेटी चो ह्यून-आह थीं, जो खुद भी कंपनी की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं।
इस वाकए के बाद चो ने जोर देकर कहा कि फ्लाइट का अटेंडेंट यात्रियों की देखभाल करने के काबिल नहीं है। उन्होंने पायलट से कहा कि न्यूयॉर्क से उड़ान भरने से पहले अटेंडेंट को विमान से उतार दिया जाए। हालांकि, विमान रनवे पर चलने लगा था, लेकिन उसे वापस जेकेएफ एयरपोर्ट के टर्मिनल पर ले जाया गया। इसकी वजह से 250 यात्रियों के साथ विमान 11 मिनट देरी से पहुंचा।
चो कोरियन एयर के चीफ एग्जीक्यूटिव चो यांग-हो की सबसे बड़ी बेटी हैं और कंपनी की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट हैं। इधर, इस मामले को लेकर दक्षिण कोरिया की सरकार का कहना है कि मामले की जांच कर ये पता लगाया जाएगा कि कहीं विमानन से जुड़े नियमों की अनदेखी तो नहीं हुई है। वहीं, ट्रांसपोर्ट मंत्रालय के एक अधिकारी ने इस बर्ताव को गैरवाजिब बताया है।