बगदाद. इराक में बाकूबा शहर के निकट एक शिया मुस्लिम गांव में शनिवार को तीन मोर्टार बम विस्फोटों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि बगदाद के उत्तर-पूर्व से 65 किलोमीटर दूर बाकूबा शहर के निकट एक शिया मुस्लिम आबादी वाले गांव में ये विस्फोट हुए। इन विस्फोटों में मारे गए लोगों में से पांच लोग एक ही परिवार के है। मृतकों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है।
गौरतलब है कि सुन्नी मुस्लिम आतंकवादी आमतौर पर सुरक्षा बलों को अपना निशाना बनाते रहे है, लेकिन साथ ही वे शिया समुदाय के लोगों पर भी हमला करते आए हैं। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार इराक में हिंसा की घटनाएं पिछले पांच वर्षो में वर्ष 2013 में सबसे अधिक हुई, जिसमें करीब नौ हजार लोग मारे गए।