कराची। पाकिस्तान पुलिस ने आतंकी संगठन अल कायदा की दक्षिण एशिया शाखा के प्रमुख कमांडर को गिरफ्तार करने का दावा किया है। इसका नाम कारी शाहिद उस्मान बताया गया है। अल कायदा ने कुछ समय पहले ही अपनी दक्षिण एशिया शाखा बनाने का ऐलान किया था। उसके चार साथियों को भी हथियारों और विस्फोटकों सहित पकड़ा गया है। कारी (30) इससे पहले अल कायदा का कराची कमांडर था। अलकायदा की दक्षिण एशिया शाखा के आतंकियों ने गठन के कुछ ही दिन बाद सितंबर में पाकिस्तान नौसेना के जहाज के अपहरण की कोशिश की थी।
पुलिस ने बताया कि कारी उस्मान 1.8 करोड़ की आबादी वाले कराची में हमलों की योजना बना रहा था। वह अल कायदा के दक्षिण एशिया सरगना असीम उमर को रिपोर्ट करता था। आम आतंकियों की तुलना में वह अमीर परिवार से है। उस्मान पहले इलियास
कश्मीरी के नेतृत्व वाले हरकत उल जेहाद अल इस्लामी से जुड़ा था। कश्मीरी 2011 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था।
चार आतंकी ढेर
पाकिस्तान के पंजाब में सेना ने मुठभेड़ के बाद चार आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया। उनके पास से विस्फोटकों वाले जैकेट, 40 हैंड ग्रेनेड और 340 किलो विस्फोटक बरामद किए। यह मुठभेड़ दक्षिण लाहौर में मुजफ्फरगढ़ के मूसा पाक इलाके में हुई।