सियोल। दक्षिण कोरिया ने अपने परमाणु बिजली उद्योग को बढावा देने के लिए दो और परमाणु बिजली संयंत्र लगाने का फैसला किया है। दक्षिण कोरिया ने सात अरब डॉलर की इस परियोजना को आज मंजूरी दी।
यह परियोजना 2020 तक पूरी होगी। उसने यह फैसला ऐसे समय किया है, जब उसके कई परमाणु रिएक्टर सुरक्षा कारणों से बंद हो रहे हैं और उधर जापान ने परमाणु बिजली पर अपनी निर्भरता कम करने का निश्चय किया है।
बुधवार को दक्षिण कोरिया को अपना एक और परमाणु रिएक्टर तकनीकी कारणों से बंद करना पड़ा लेकिन देश में बिजली की बढती मांग के चलते उसे परमाणु बिजली पर अपनी निर्भरता कम करना मुश्किल हो रहा है।