ढाका। बांग्लादेश में इस्लामिक स्टेट से जुड़े एक 22 वर्षीय संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, युवक का नाम हिफजुर रहमान है वो कॉलेज में सेकंड ईयर का स्टूडेंट है।
डिप्टी कमिश्नर मसुदुर रहमान ने बताया कि युवक को ढाका के पुराना पल्टन इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
bdnews24 ने पुलिस के हवाले से बताया, "संदिग्ध ने
फेसबुक पर 'आईएसआईएस बांग्लादेश' नाम से अकाउंट खोला था। उसके जरिए वो इस्लामिक स्टेट के लिए आतंकियों के भर्ती का काम कर रहा था। सीक्रेट एजेंसियों ने शक के आधार पर उसे गिरफ्तार किया है। हालांकि, अब तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि उसका इस्लामिक स्टेट से कोई संबंध है भी या नहीं।"
पुलिस का दावा है कि संदिग्ध, प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिद्दीन का सक्रिय सदस्य रह चुका है।"
गौरतलब है कि बुधवार को पुलिस ने ढाका से दो युवकों को गिरफ्तार किया था, जिनपर इस्लामिक स्टेट से संबंध रखने का आरोप है।
ऐसा माना जा रहा है कि 15,000 विदेशी लड़ाके, इस्लामिक स्टेट के लिए काम कर रहे हैं।
नौ जापानी इस्लामिक स्टेट में शामिल
जापान के नौ नागरिक इस्लामिक स्टेट में शामिल हो गए हैं। जापान की वायुसेना के पूर्व प्रमुख तोशियो तमोगार्मी ने
इजरायल सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से इसकी जानकारी दी। हालांकि, जापान सरकार के प्रवक्ता का कहना है कि इस सूचना की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
तमोगामी एक छोटी पार्टी के पदाधिकारी है। उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा है कि इजरायल के विदेश मंत्रालय के महानिदेशक निसीम बेन शितरित ने उन्हें एक महीने पहले बताया था कि नौ जापानी नागरिक इस्लामिक स्टेट में शामिल हो गए हैं।
जापान सरकार के मुख्य कैबिनेट सचिव ओसीहिदे सुगा ने बताया कि इस सूचना की पुष्टि नहीं हो पाई है।