स्टॉकहोम। स्वीडन के प्रधानमंत्री फ्रेडरिक रेनफेल्ड ने संसदीय चुनाव में अपनी पार्टी के खराब नतीजे को देखते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
प्रधानमंत्री ने देर रात अपनी पार्टी की बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि चुनाव समाप्त हुआ। स्वीडन की जनता ने अपना निर्णय सुना दिया है। उन्होंने कहा कि वह अब प्रधानमंत्री पद के लिए दोबारा चुनाव नहीं लड़ेंगे। साथ ही उन्होंने पार्टी प्रमुख के पद से भी इस्तीफा दे दिया।
रेनफेल्ड ने बताया कि वह सोमवार को इस संबंध में नोटिस दे देंगे। स्वीडन में हाल में हुए संसदीय चुनाव के प्रारंभिक नतीजे में विपक्ष के रेड ग्रीन गठबंधन को 43.5 फीसदी वोट मिले हैं, जबकि रेनफेल्ड के नेतृत्व वाले सेंटर राइट गठबंधन को 39.5 फीसदी वोट मिले हैं। रेड ग्रीन गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता स्टीफन लोफेन हैं।