बैंकाक। थाईलैंड से चीन जा रही एयर एशिया की एक फ्लाइट को उस वक्त आधे रास्ते से ही बैंकाक लौटना पड़ा, जब एक महिला यात्री ने फ्लाइट अटेंडेंट पर गुस्से में गर्म पानी फेंक दिया। इतना ही नहीं, यात्री ने विमान में उड़ाने की भी धमकी दी। महिला और उसका दोस्त थाई एयरएशिया फ्लाइट पर चीन के नानजिंग शहर जा रहे थे। जिस वक्त ये घटना हुई उस वक्त विमान में 174 यात्री और 4 केबिन क्रू मेंबर सवार थे।
अपने दोस्त के साथ बैठी महिला ने नूडल का बोल (कटोरा) लिया और गर्म पानी मांगा, जिसे तुरंत उसने फ्लाइट अटेंडेंट के मुंह पर फेंक दिया। एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि एक महिला यात्री ने विमान की सेवाओं से नाखुश होकर फ्लाइट अटेंडेंट के साथ बदसलूकी करते हुए उस पर गर्म पानी डाल दिया।
बयान में कहा गया कि इस घटना के बाद विमान के कैप्टन ने विमान वापस लौटने का फैसला लिया। कैप्टन बाकी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर थे। चश्मदीदों से मिली जानकारी के मुताबिक महिला के दोस्त ने केबिन क्रू से कहा-सुनी के बाद विमान को उड़ाने की धमकी दी। वहीं, महिला खुद को जान से मारना चाहती थी।