ताइपे। ताइवान की ट्रांस एशिया एअरलाइंस ने रविवार को अगले सप्ताह 52 और उड़ानों को रद्द करने की घोषणा की। बता दें कि पिछले सप्ताह हुए विमान हादसे के बाद एअरलाइंस ने पहले से ही 90 उड़ानों को रद्द कर रखा है। उस हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, एअरलाइंस ने हादसे में मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार के लिए 38 हजार डॉलर ( 23.44 लाख रु.) देने की बात कही है।
ट्रांस एशिया एअरलाइंस के वाइस प्रेसिडेंट एमी चेन ने बताया, "बीते तीन दिनों में हमने 90 उड़ानें रद्द की हैं। सोमवार और मंगलवार को हम और 52 उड़ान रद्द कर रहे हैं।" शुक्रवार को ताइवान के विमानन सुरक्षा परिषद ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त GE235 विमान के ब्लैक बॉक्स की जांच में पता चला है की नई टबरेप्रोप ATR 72-600 इंजन उड़ान के लिए जरूरी ऊर्जा पैदा नहीं कर पाया था।
4 फरवरी को हुई इस दुर्घटना में अब तक 40 शवों की खोज की जा चुकी है, जबकि तीन अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। ताइवान विमानन प्राधिकरण ने ट्रांस एशिया के पायलटों को नागरिक वैमानिकी प्रशासन के मानकों के मुताबिक दक्षता परीक्षा देने का निर्देश दिया है।