पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Ukraine Parliament Considers Amnesty For Protesters

यूक्रेन की संसद ने गिरफ्तार लोगों की रिहाई का रास्ता साफ किया

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कीव। यूक्रेन के राष्ट्रपति विक्टर यानुकोविच के समर्थक सांसदों ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों की रिहाई का रास्ता साफ कर दिया है लेकिन उनकी रिहाई पर यह कहकर शर्त लगा दी है कि ऐसा तभी हो सकेगा जब वह कीव तथा अन्य स्थानों पर कब्जा किए गए भवनों को खाली कर देंगे।
विपक्ष के सांसदों ने क्षमादान के कानून पर मतदान करने से इनकार कर दिया लेकिन राष्ट्रपति के समर्थकों का कहना है कि इससे दो महीने से चल रही अशांति को खत्म करने में मदद मिल सकेगी। क्षमादान के कानून पर 232 वोट मिले जो इसे पारित करने के लिए जारी बहुमत से छह ज्यादा थे।
नए कानून का मसविदा तुरंत उपलब्ध नहीं हो सका है लेकिन इसे तैयार करने वाले का कहना है कि पुलिस हिरासत में बंद लोगों को तभी रिहा किया जाएगा जब वे कीव के सिटी हाल तथा अन्य भवनों को खाली करेंगे कीव की संसद में यह कानून राष्ट्रपति की सलाह पर पारित किया गया।
इस बीच यूक्रेन के संबंध में वाशिंगटन से मिली खबर में कहा गया है कि यदि यूक्रेन में हिंसा तथा राजनीतिक संकट बढ़ा तो अमेरिका इस देश के अधिकारियों तथा विरोधी नेताओं के विरुद्ध आर्थिक प्रतिबंध लगा सकता है। यह जानकारी अमेरिकी कांग्रेस के एक सहायक ने दी है।
सहायक ने अपना नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर कहा है कि प्रशासकीय अधिकारी इस तरह का प्रतिबंध लगाने के प्रश्न पर विचार कर रहे हैं और इसकी तैयारी भी की जा रही है। इसका पूरा विवरण अभी नहीं तैयार किया गया है लेकिन अगर यह लागू हुआ तो इससे प्रशासकीय अधिकारी और विरोध प्रदर्शन के नेता प्रभावित होंगे।
मास्को से मिली एक अन्य खबर के अनुसार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन को 15 अरब डॉलर की सहायता देने का समझौता तभी लागू होगा जब वह अंतरिम सरकार गठित हो जाएगी।