मॉस्को। यूक्रेन ने रूस के साथ अपनी सीमा को रेखांकित करने के हिस्से के रूप में प्रोजेक्ट वाल निर्माण का प्रथम चरण 30 सितंबर तक पूरा करने की योजना बनाई है। यह जानकारी यूक्रेन सरकार ने शुक्रवार को दी। यूक्रेन के प्रधानमंत्री अर्सनी यतसेनयुक ने तीन सितंबर को एक सरकारी बैठक में कहा कि यूक्रेन, रूस के साथ एक वास्तविक सीमा का निर्माण शुरू करेगा, जो 2,295 किलोमीटर लंबी है।
समाचार एजेंसी इतर-तास के अनुसार, सरकार ने यूक्रेन और रूस के बीच की सीमा को पूरी तरह सुसज्जित करने के लिए करीब 77 लाख डॉलर आवंटित किए हैं।
पिछले सप्ताह यूक्रेन सरकार ने रूस के साथ सीमा और क्रीमिया के साथ प्रशासनिक सीमा की हिफाजत के लिए दीवार निर्माण की एक योजना मंजूर की थी। रूस-यूक्रेन सीमा पर मौजूद कुल 65 जांच चौकियों में से 16 का संचालन अस्थायी रूप से बंद हो गया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने यूक्रेन को बचाने तथा अपनी रक्षात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक उपायों से संबंधित एक आदेश पर बुधवार को हस्ताक्षर किया था।