वॉशिंगटन। अमेरिकी कांग्रेस ने जहां रूस के खिलाफ नए आर्थिक प्रतिबंध लगाने के विधेयक पर अंतिम मुहर लगाई है, वहीं रूस ने चेतावनी दी है कि वह अमेरिका के नए प्रतिबंधों के विरुद्ध जवाबी कदम उठाएगा। इंटरफैक्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, रूस के विदेश उपमंत्री सर्गेई रयावकोव ने कहा है कि रूस नए प्रतिबंधों के मामले में अमेरिका को निश्चित तौर पर जवाब देगा।
रूस के खिलाफ नए प्रतिबंध को सीनेट और प्रतिनिधि सभा ने गुरुवार को सर्व सम्मति से पारित किया गया। अमेरिका जो प्रतिबंध लगाने जा रहा है, उसका असर ऊर्जा क्षेत्र और रक्षा उपकरणों का आयात-निर्यात करने वाली कंपनी रोसोवोरोन एक्सपोर्ट पर पड़ेगा। अमेरिका ने नया प्रतिबंध पूर्वी यूक्रेन के विद्रोहियों को रूस का समर्थन जारी रहने की वजह से लगाया है।
अमेरिकी कांग्रेस ने राष्ट्रपति
बराक ओबामा को यूक्रेन को उसके पूर्वी भाग में विद्रोहियों के खिलाफ लड़ने के लिए घातक व गैर घातक हथियार देने की भी स्वीकृति दी है, जिसके लिए कानूनी मंजूरी की जरूरत नहीं है। अमेरिका द्वारा यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य सहायता में टैंक रोधी असलहा व गोला बारूद भी शामिल होंगे। पेंटागन ने यूक्रेन को 20 राडार प्रणाली भी दिया था, जिनसे मोर्टार हमलों का पता लगाया जा सकेगा।