वाशिंगटन। अमेरिका ने अलकायदा और अलशबाब के एक संदिग्ध आतंकवादी नेता को पकड़ने के लिए सोमालिया पर मिसाइल हमला कर दिया है। ताजा खबरों के मुताबिक मिशन सफल रहा है और संदिग्ध आतंकवादी की मौत हो गई है।
एक अमेरिकी सैन्य अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर इस बात की पुष्टि की। अधिकारी ने बताया कि हमला दक्षिण सोमालिया के इलाके में किया गया है। उन्होंने मिशन के बारे में और कोई जानकारी देने से मना कर दिया है।
एक अन्य अमेरिकी अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि हमला सुदूर ब्रावे इलाके में किया गया है। ब्रावे में आतंकवादियों की अच्छी पैठ मानी जाती है। यह वही इलाका है जहां पिछले साल अक्टूबर में अमेरिकी कमांडो बल ने एक मिशन के तहत 'इकरीमा' नामक एक आतंकवादी को पकड़ने की नाकाम कोशिश की थी। काफी देर चली गोलीबारी के बाद अमेरिकी कमांडो को पीछे हटना पड़ा था। पिछले दिनों केन्या में हुये हमले में इकरीमा का हाथ माना जाता है।
अंतरराष्ट्रीय जगत की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। आप हमसे फेसबुक और ट्विटर पर भी जुड़ सकते हैं। यहां क्लिक करके डाउनलोड करें हमारी मोबाइल एप्लीकेशन।