फोटो: ट्विटर पर कथित तौर पर मारे गए अबुबकर शेकू की वायरल हो रही तस्वीर।
कॉन्डुगा। उत्तरी नाइजीरिया में दहशत का पर्याय बन चुके आतंकी समूह बोको हरम चीफ अबुबकर शेकू के कथित तौर पर मारे जाने की खबर सामने आई है। ट्विटर पर कई अकाउंट के हवाले से एक तस्वीर पोस्ट की गई है, जिसकी शक्ल हूबहू शेकू से मिलती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाइजीरियाई सुरक्षा एजेंसियां मौत की इस जानकारी की समीक्षा कर रही हैं।
हालांकि, जांच से जुड़े एक अधिकारी ने अंग्रेजी वेबसाइट ब्लूमबर्ग को कहा कि हो सकता है कि शेकू सेना से भिड़ंत के दौरान मारा गया। गोपनीयता की शर्त पर एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि बोर्नो राज्य में कॉन्डुगा के पास बीते दिनों सेना और आतंकियों के बीच घमासान लड़ाई हुई थी। अधिकारी के मुताबिक, शेकू के इसी दौरान ढेर होने की संभावना है।
बता दें कि नाइजीरिया सुरक्षा बल ने बीते हफ्ते ट्विटर पर पोस्ट कर जानकारी दी थी कि कॉन्डुगा में मुठभेड़ के दौरान बोको हरम के लगभग 60 आतंकियों को ढेर कर दिया गया, जबकि चीफ शेकू को कब्जे में है। गौरतलब है कि कॉन्डुगा गांव, बोर्नो प्रांत के मैदुगुरी (बोको हरम का गढ़) से लगभग 40 किमी दूरी पर स्थित है। इससे पहले भी शेकू के मारे जाने की खबर आई थी, लेकिन बाद में उसने नया वीडियो जारी कर बताया कि वह जिंदा है।
अंग्रेजी वेबसाइट दिसडेलाइव की रिपोर्ट के मुताबिक, सेना और सुरक्षा एजेंसी अब भी जानकारी की समीक्षा कर रही है। अब तक सेना की ओर से कथित तौर पर शेकू के मारे जाने की पुष्टि नहीं की गई है।
आगे देखें संबंधित तस्वीरें...