इंटरनेशनल डेस्क। दुनिया के सबसे लंबे यॉट 'ट्रिपल ड्यूस' के 2018 तक बनने की उम्मीद है। यह यॉट लग्जरी से भरपूर होगा। इसमें सात डेक, दो पूल, कई हॉट टब्स के अलावा 275 वर्गमीटर मास्टर सुइट की भी सुविधा होगी। 4यॉट डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, 222 मीटर (728.4 फीट) लंबे इस यॉट की कुल लागत एक बिलियन डॉलर (7,000 करोड़ रुपए) से ज्यादा है। इसी के साथ 'ट्रिप ड्यूस' दुनिया का सबसे महंगा सुपरयॉट भी कहलाएगा। हालांकि, इसपर मालिकाना हक किसका है, इससे पर्दा उठना अभी बाकी है।
अभी दुनिया के सबसे लंबे यॉट का खिताब, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख खलीफा बिन जैद अल नैह्यन के 'अज्जाम' के नाम दर्ज है। यह सुपरयॉट 182 मीटर (लगभग 600 फीट) लंबा है। 'अज्जाम' सिर्फ सबसे बड़ा ही नहीं, बल्कि सबसे तेज रफ्तार यॉट में से एक भी है। 94,000 हॉर्सपॉवर की क्षमता लिए इस यॉट की रफ्तार 35 मील प्रति घंटा है। इसके बाद चेलसी एफसी मालिक रोमन एब्रामोविक के 'इक्लिप्स' का नाम आता है। यह सुपरयॉट 163.5 मीटर लंबा है।
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, 'ट्रिपल ड्यूस' के सिर्फ एक साल के परिचालन का खर्च 20 से 30 मिलियन डॉलर (लगभग 190 करोड़ रुपए) के बीच होने की उम्मीद है। इसके निर्माण की लागत पश्चिमी सहारा, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड और माइक्रोनेशिया की सालाना जीडीपी से भी कहीं ज्यादा है।
इस प्रोजेक्ट के ब्रोकर क्रैग टिम के मुताबिक, "सुपरयॉट का मालिक सबसे बड़ा यॉट बनवाकर नया रिकॉर्ड बनाना चाहता है। वह रिकॉर्ड को लेकर बहुत चिंतित है।" क्रैग ने कहा, " रोमन एब्रामोविक ने 'इक्लिप्स' को 1.5 मीटर ज्यादा लंबा बनाकर शेख मकतूम की यॉट 'दुबई' का खिताब छीन लिया था। इसलिए 'ट्रिपल ड्यूस' का मालिक उसे 220 मीटर लंबा बनवा रहा है।" मतलब, 'ट्रिपल ड्यूस' की 40 मीटर ज्यादा लंबाई 'अज्जाम' को उसके खिताब से दूर कर देगी।
आगे देखें, संबंधित फोटोज...