इस्लामाबाद। पाकिस्तान में यू-ट्यूब पर प्रतिबंध 'अनिश्चितकाल' तक जारी रहेगा। पाकिस्तान सरकार के उच्च अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने सितंबर 2012 से यू-ट्यूब पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। फिल्म 'इनोसेंस ऑफ मुस्लिम' के ऑनलाइन प्रदर्शन के बाद शुरू हुए विवाद और विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार ने इसपर बैन लगा दिया था।
2012 में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि जब तक ईशनिंदा वाले कंटेंट को पूरी तरह ब्लॉक करने का तरीका नहीं ढूंढा जाएगा, तब तक यू-ट्यूब पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
शुक्रवार को सूचना प्रसारण एवं दूरसंचार मंत्री अनुषा रहमान ने कहा, "कई बार इस मामले को ठीक करने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार स्थिति जस की तस रही। सरकार किसी तरह का रिस्क नहीं उठाना चाहती और इस बात को सुनिश्चित करना चाहती है कि प्रतिबंध हटाने के बाद किसी तरह का आपत्तिजनक कंटेंट नही डाला जाएगा।"
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान में अनिश्चितकाल के लिए यू-ट्यूब पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
गौरतलब है कि मुस्लिम आबादी वाले पाकिस्तान में ईशनिंदा एक ज्वलंत मुद्दा है। पिछले कई सालों में ईशनिंदा के खिलाफ हुए प्रदर्शनों में सैकड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
नवंबर 2011 में टेलिकम्युनिकेशन अथॉरिटी ने 1,700 आपत्तिजनक शब्द बैन किए थे, जिनमें 'लोशन', 'एथलीट फुट' और 'इडियट' भी शामिल थे।