(दुर्घटनाग्रस्त वाहन से विधायक को निकालते लोग। )
चंद्रपुरा। डुमरी विधायक जगरनाथ महतो बुधवार की अहले सुबह सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। वे खुद अपनी स्कारपियो चलाकर अलारगो सिमराकुल्ही से भंडारीदह जा रहे थे। इसीक्रम में विशुघाट पहाड़ी में असंतुलित होने से गाड़ी बगल के नाले में जा गिरी। जिससे वे घायल हो गए। घटना में उनके सर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई है। उनका स्कार्पियो नंबर जेएच 01 डब्ल्यू 0140 भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में उनके दो बॉडीगार्ड को भी चोटें आई हैं। बॉडीगार्ड जोधी महतो के पैर एवं जयराम करमाली के हाथ में चोट लगी है। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल डीवीसी चंद्रपुरा अस्पताल पहुंचाया। जहां बॉडीगार्डों को इलाज के बाद छोड़ दिया। जबकि विधायक जगरनाथ महतो को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए बीजीएच बोकारो रेफर कर दिया गया।
विधायक के घायल होने की सूचना मिलते ही चंद्रपुरा अस्पताल में झामुमो कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सभी कुशलक्षेम जानने को लेकर चिंतित थे। वहीं जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह, डीवीसी चंद्रपुरा के मुख्य अभियंता सह प्रोजेक्ट हेड बीएन सिंह, मुख्य अभियंता ओएंडएम बीएन साह सहित कई ने अस्पताल पहुंचकर उनकी सुधि ली। डीवीसी चंद्रपुरा अस्पताल में चिकित्सक डॉ पीएन नायक सर्जन डॉ एके श्रीवास्तव ने उनका प्राथमिक इलाज किया।
बेरमो। घायल जगरनाथ महतो को देखने के लिए सूबे के वित्त, स्वास्थ्य, ऊर्जा संसदीय कार्यमंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह बीजीएच अस्पताल पहुंचे। वहीं जिला के उपायुक्त उमाशंकर सिंह, डीडीसी प्रमोद गुप्ता, सिविल सर्जन शशिभूषण सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष राधानाथ सोरेन, जिप सदस्य जवाहर महथा, विमल जायसवाल, झामुमो नेता मंटू यादव, देवीदास, कांग्रेसी नेता अभिषेक भारद्वाज, जिला परिषद सदस्य कृष्ण कुमार सहित कई लोग मिलने पहुंचे, तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। यहां मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि जगरनाथ जी का यहां बेहतर इलाज किया जा रहा है।
काफी खतरनाक है विशुघाट मार्ग : अलारगो,तारमी, उपरबंधा, गुंजरडीह, मुंगो, नावाडीह, बंदियो, नर्रा, चिरूडीह, फुलवारी सहित दर्जनों गांवों का भंडारीदह आने के लिए एकमात्र पीसीसी सड़क है। विशुघाट का उक्त रास्ता पहाड़ी मार्ग होने के कारण काफी खतरनाक है। इस सड़क मार्ग में कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। अगर इस पहाड़ी की कटिंग करके सड़क निर्माण कराया जाए तो दुर्घटना पर काबू पाया जा सकता है। इस सड़क के दोनों तरफ गहरी खाई तेज ढलान है।
विधायक को देखने पहुंचे मंत्री उपायुक्त ।
घटना में दो बॉडीगार्डों को भी लगी हल्की चोटें, स्वयं स्कार्पियो चलाकर अपने गांव से भंडारीदह जा रहे थे, संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा ।
घायल विधायक का कुशल क्षेम पूछने मंत्री, उपायुक्त अन्य।