- Hindi News
- गृह रक्षक की देखभाल में लापरवाही का आरोप
गृह रक्षक की देखभाल में लापरवाही का आरोप
गृह रक्षा वाहिनी संघ के अध्यक्ष बांसरोपन प्रसाद ने जिला उपायुक्त को पत्र लिखा
> गृह रक्षक 5319 रामजी रजक की तबीयत अचानक हो गई थी खराब
भास्करन्यूज | बोकारो
झारखंडराज्य गृह रक्षा वाहिनी संघ के अध्यक्ष बांसरोपन प्रसाद ने उपायुक्त को पत्र लिखकर कहा है चुनाव कार्य में लगे गृह रक्षक 5319 रामजी रजक की देखभाल में लापरवाही की गई है। उन्होंने कहा है कि रामजी रजक को विधानसभा चुनाव 2014 की ड्यूटी में रहावन कैंप में प्रतिनियुक्त किया गया था। 13 दिसंबर को संध्या में करीब पांच बजे उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई जिसकी जानकारी रहावन कैंप प्रभारी को दी गई और इसकी सूचना प्रतिनियुक्त गृहरक्षकों द्वारा रामजी रजक के परिवार वालों को दी गई।
सूचना पाकर इनके पुत्र गृह रक्षक चंद्रदेव रजक पुलिस केन्द्र आए और वहां पर गृह रक्षा वाहिनी के पदाधिकारी एवं परिवारी प्रवर, पुलिस केन्द्र को इसकी जानकारी दी। गृह रक्षा वाहिनी के पदाधिकारी एवं परिचारी प्रवर ने इसकी विस्तृत जानकारी हेतु मोबाइल फोन से संपर्क किया तो रहावन कैंप प्रभारी द्वारा बताया गया कि गृह रक्षक रामजी रजक शराब के नशे में है। रहावन कैंप में प्रतिनियुक्त गृह रक्षकों द्वारा प्रभारी से उक्त गृह रक्षक का इलाज कराने का अनुराेध किया गया जिसे ठुकरा दिया गया तथा जिले के वरीय पदाधिकारियों को गुमराह कर गृह रक्षक को उसी हाल में छोड़ दिया।
14 दिसंबर को सुबह छह बजे प्रतिनियुक्त गृह रक्षक प्राइवेट वाहन से बीमार गृह रक्षक को इलाज हेतु करीब 10 बजे बोकारो सदर अस्पताल चास लाया गया। जहां इसकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीजीएच रेफर किया गया। बीजीएच में संघ के पदाधिकारियों एवं गृह रक्षा वाहिनी के पदाधिकारियों के सहयोग से इसे अस्पताल में भर्ती कराया गया एवं बेहतर इलाज के लिए पुलिस अधीक्षक के कार्यालय से संपर्क कर भर्ती का कागजात बनवाया गया। वहीं दूसरी ओर बीजीएच के डॉक्टरों के अनुसार रामजी रजक की स्थिति काफी गंभीर है तथा उसका जीवन संकट में है।