संगीत संध्या का आयोजन
बोकारो| शक्तिकी अधिष्ठात्री मां दुर्गा की आराधना का महान पर्व नवरात्र शुरू हो चुका है। बोकारो के संगीतज्ञों ने मां दुर्गा की आराधना संगीत संध्या आयोजित कर की। बोकारो के वरिष्ठ संगीतज्ञ ध्रुपदेव तिवारी के सेक्टर 9 बी स्थित आवास पर बीती शाम संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्रुपदेव तिवारी ने दुर्गा राग में एक ताल में दुर्गा स्तुति सुनाकर की। वरिष्ठ गिटारवादक स्वराज कुमार राय ने राग जोग मधुवंती में इलेक्ट्रिक गिटार पर धुन सुनाकर सबकी प्रशंसा पाई। गायक अरुण पाठक ने महाकवि विद्यापति रचित आराधना गीत जय-जय भैरवी असुर भयाउनि... सुनाने के बाद एक राधा एक मीरा... गजल हम तेरे शहर में आए हैं मुसाफिर की तरह... सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। सुरमणि सम्मान प्राप्त शास्त्रीय गायक नरेश कुमार सिन्हा ने राग बागेश्री में मंगल गाओ धन-धन भाग... की सुंदर प्रस्तुति के बाद ठुमरी गोरी धीरे चलो, छलको जाए.. सुनाकर आनंदित किया।