बोकारो टाटा से बेहतर हो जाएगा : प्रसाद
बोकारोदौरे पर आई सीआईआई-एक्जिम बैंक अवार्ड मूल्यांकन दल के लीडर बीएनएन प्रसाद ने शुक्रवार को शाम में पत्रकारों से कहा कि नए सीआरएम के चालू हो जाने के बाद बोकारो इस्पात संयंत्र टाटा से बेहतर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस्पात बाजार में चीन सबसे बड़ा प्रतियोगी है। हमें चीन से मुकाबला है। निर्यात को बढ़ाना है। लागत नियंत्रण, नई तकनीक को अपनाना है। हमेशा खोज करते रहना है तभी इस्पात बाजार में टिक पाएंगे। उन्होंने कहा कि बोकारो में सीएसआर गतिविधियां, मूक बधिर बच्चों के प्रति दायित्व निबर्हन जैसे कार्य बेहतर लगे।
उन्होंने बोकारो महिला समिति के कार्यों की भी तारीफ की। इसके साथ ही कहा कि बोकारो को अभी अपनी उत्पादकता को बढ़ाना है। टीम ने बीएसएल की सीएसआर गतिविधियां की समीक्षा के तहत सर्व स्वास्थ्य केन्द्र, आशा लता, बोकारो स्टील कल्याण विद्यालय, महिला समिति बोकारो संचालित केन्द्र तथा बीजीएच का दौरा किया। इसके अलावा उन्होंने बीएसएल के ज्ञान ज्योति योजना के अंतर्गत अपनाए गए बिरहोर बच्चों के साथ भी मुलाकात की। अपराह्न मूल्यांकन दल के सदस्यों ने अलग-अलग समूहों में संयंत्र के सुरक्षा एवं स्वास्थ्य प्रबंधन, गुणवत्ता प्रबंधन तथा जन संपर्क गतिविधियों की जानकारी ली। सदस्यों ने बीएसएल के श्रमिक संगठनों, अधिकारियों के एक समूह तथा ठेका श्रमिक प्रतिनिधियों से भी बैठक कर जानकारी प्राप्त की।
दौरा करता सीआईआई-एक्जिम बैंक अवार्ड मूल्यांकन दल।