पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • शिकारी के जाल में फंस गए हैं लोग : लालू

शिकारी के जाल में फंस गए हैं लोग : लालू

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बोकारो। केंद्र में सरकार बनाने के पहले नरेंद्र मोदी कहते थे कि विदेशों में जमा सभी काला धन एक महीने में वापस लाकर सभी देश वासियों के खाते में 15-15 लाख रुपए जमा करवा देंगे। लेकिन आज मोदीजी यह भूल गए कि विदेशी बैंकों में देश का कितना पैसा जमा है। अब वो हिसाब भूल गए तो उनका हिसाब अब बाबा रामदेव बताएंगे। यह बातें राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सेक्टर चार मजदूर मैदान में आयोजित चुनावी सभा में कही। उन्होंने कहा कि हमलोग के बाप-दादा कहते थे कि शिकारी आएगा जाल बिछाएगा जाल में फंसना नहीं। लेकिन इस बार तो सब लोग शिकारी के जाल में फंस ही गए।
लोकसभा चुनाव के समय 18 से 35 वर्ष के युवाओं के मोबाइल में मैसेज भेज-भेजकर ऐसा प्रभावित किया गया कि सब जाल में फंस गए। चुनाव के पूर्व कहते थे कि दो करोड़ युवा बेरोजगारों को रोजगार देंगे। लेकिन जब सरकार बन गई तो सरकारी नौकरियों में एक साल तक बहाली बंद करने का आदेश जारी कर दिया। इसलिए लालटेन छाप पर वोट देकर अवधेश सिंह यादव को जिताने का काम करें।
मोदी सरकार देश में मौजूद भूमि अधिग्रहण के कानून को बदलने जा रही है। ताकि पूंजीपतियों को मदद पहुंचा सके। हम लोगों ने जमीन के बदले चार गुणा अधिक कीमत किसानों को दिलाने का कानून बनाया था। लेकिन मोदी सरकार मजदूर और किसान विरोधी है।
लालू के राज में दो रुपए किलो था आलू
लालू ने कहा कि उनके राज में दो रुपए किलो आलू था। जो आलू आज 24 से 28 रुपए किलो बिक रहा है। कहां गए चुनाव में महंगाई कम करने का नारा देने वाली पार्टी के वादे। वहीं मोटा चावल 28 रुपए, प्याज 26 रुपए किलो बिक रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की थाली से अरहर की दाल गायब हो जाएगी। ऐसे में धात्री महिलाओं के स्तन में दूध नहीं आएगा तो बच्चा भूख के मारे कमजोर होगा ही। अब आलू भी विदेशों से मंगाया जाएगा।
रेल से लेकर डिफेंस तक सभी में सरकार एफडीआई को बढ़ावा दे रही है। सेल का शेयर भी बेच दिया। उन्होंने झुग्गी-झाेपड़ी वासियों से कहा कि जब तक लालू के जेहन में खून रहेगा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। आरएसएस और भाजपा को खुरहा रोग हो गया है। देश को बचाने के लिए 22 तारीख को नई दिल्ली में धरना पर बैठेंगे। उन्होंने राजद प्रत्याशी को विजयी माला पहना दिया। मौके पर राज्यसभा सांसद प्रेमचंद, राजेंद्र, जंग बहादुर आदि मौजूद थे।
मजदूरों को गुलाम बनाने का काम कर रही है मोदी सरकार : त्रिपाठी
झारखंडसरकार के मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार मजदूरों काे गुलाम बनाने का कार्य कर रही है। लेबर एक्ट में संशोधन कर मजदूरों के अधिकार छीन लिए गए हैं। उद्योगपतियों के हाथों खेलने वाली मोदी सरकार आम जनता की जगह पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। बाबूलाल मरांडी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि चुनाव के बाद क्या जेवीएम का विलय भाजपा में हो जाएगा? बोकारो विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी मंजूर अंसारी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि लोगों को आपस में लड़ाकर सत्ता में बैठने वाली भाजपा मजदूर विरोधी सरकार है। बोकारो स्टील के मजदूरों के 10 प्रतिशत शेयर उद्योगपतियों के हाथों मोदी सरकार ने बेच दिया है।
उन्होंने कहा कि उन्हें बोकारो स्टील के मजदूरों, अल्पसंख्यकों और विस्थापतों का पूरा समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ताराचंद्र भगोड़ा और हज कमेटी के चेयरमैन हाजी मंजूर अहमद अंसारी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेसनीत गठबंधन की सरकार बननेवाली है। इसलिए भाजपा बौखला गई है। इसके पहले हवाई अड्डे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और मंत्री केएन त्रिपाठी का स्वागत कांग्रेसियों ने किया। स्वागत करनेवालों में अशोक श्रीवास्तव, जवाहर महथा, रीता सिंह, रामा राउत, सोनू, मनोज कुमार, संगीता तिवारी, सगीर अंसारी आदि ने किया।

कांग्रेस के नेतृत्व में झारखंड में बनेगी यूपीए की सरकार : सहाय
बोकारो। झारखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनने जा रही है। कांग्रेस के नेतृत्व में राज्य में यूपीए की सरकार बनेगी। महागठबंधन आज भी कायम है। हां थोड़ा बहुत ढीला-ढाला है। यह बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री सह कांग्रेस के वरीय नेता सुबोधकांत सहाय ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। सेक्टर 1 स्थित होटल हंस रिजेंसी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सहाय ने कहा कि राज्य में सभी पंथ निरपेक्ष ताकतों का महागठबंधन आज भी कायम है। झारखंड में फिरकापरस्त पार्टी भाजपा की सरकार नही बनने देंगे। राज्य में जितने भी भाजपाई नेता चुनाव प्रचार कर रहें हैं वे सिर्फ निर्गुण बातें कर रहे है। केंद्र की मोदी सरकार अपने छह महीने के कार्यकाल में जनता के हित में एक भी काम नही कर सकी है।