बोकारो। नगर के सेक्टर चार स्थित सिटी सेंटर के हर्षवर्द्धन प्लाजा के पास गुमटी हटाने के विरोध में होमगार्ड के जवानों को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इसमें एक जवान सहित इंपायर कलेक्शन के मो. मकसूद आलम और कई अन्य लोग घायल हो गए।
इन्हें इलाज के लिए कैंप दो स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे आक्रोशित व्यवसायियों ने विरोध में अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। इतना ही नहीं, आक्राेशित दुकानदारों सहित नेताओं ने सेक्टर चार थाना का घेराव किया। व्यवसायियों ने जवानों की शिनाख्त कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।
घायल व्यवसायी ने सेक्टर चार थाने में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। लाठीचार्ज में अन्य घायलों में संजय ठाकुर, जावेद सलीम, सोनू सिंह, सलाउद्दीन अंसारी क्यूसी भी शामिल हैं। सभी आंशिक रूप से घायल हुए।
बोकारो विधायक विरंची नारायण की तत्परता से सिटी सेंटर में व्यवसायियों और होमगार्ड के जवानों के बीच होने वाला तांडव रूका। थाने का घेराव करने वालों में विधायक विरंची नारायण, बीजेपी नेता अजय राय, कमलेश राय, मुकुल ओझा, कांग्रेस नेता मंजूर अंसारी विकास कुमार आदि मौजूद थे।
दोषी निलंबित किए जाएं : सोनू
हर्षवर्धनप्लाजा के दुकानदार सोनू सिंह ने मांग की है कि घटना में शामिल दाेषियों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्हें निलंबित किया जाना चाहिए।
दोषीगिरफ्तार हो : छाबड़ा
लेटेस्टट्रेंडस के दुकानदार आरएस छाबड़ा ने कहा कि व्यवसायियों के साथ इस तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और उन्हें निलंबित करने की मांग की है।
बहुतही दुखद घटना : राजेश
हर्षवर्धनप्लाजा के माला ज्वेलर्स के संचालक राजेश कुमार ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। इसका विरोध करते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि व्यवसायियों के साथ इस तरह की निर्मम कार्रवाई निंदनीय है।
कार्रवाई की घटना निंदनीय : कोठारी
बोकारो चैंबर आफ कामर्स के महामंत्री प्रकाश कोठारी ने कहा कि यह निंदनीय कार्रवाई की गई है। आए दिन व्यवसायियों के साथ गलत दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आती हैं। उनके साथ मारपीट तक की जाती है, यह बहुत ही दुखद घटना है। ऐसी घटनाएं नहीं हो, प्रशासन और प्रबंधन को इसका ख्याल रखना चाहिए। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा।
अमर्यादित कार्रवाई है : महेश
सिटीसेंटर ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश गुप्ता ने कहा कि यह निर्ममतापूर्ण और अमर्यादित कार्रवाई हुई है। इसकी हर हाल में निंदा होनी चाहिए। एसोसिएशन इसका घोर विराेध करती है। इसके दाेषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
दोषी बख्शे नहीं जाएं : रंगनाथ
महामंत्री रंगनाथ उपाध्याय ने कहा कि यह घोर निंदनीय कार्रवाई है। प्रबंधन का ध्यान सिटी सेंटर की बुनियादी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं रहता है। व्यवसायियों को प्रताड़ित करने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ा जाता है। ऐसी घटनाएं पूर्व में भी कई बार हो चुकी है। दोषियों को नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
कैसे बढ़ा विवाद | सोमवार की सुबह साढ़े 10 बजे होमगार्ड के जवानों की दो गाड़ियां वहां पहंुचीं। उन्होंने हर्षवर्द्धन प्लाजा के सामने स्थित ट्रांसफार्मर से सटी दो गुमटियां सड़क पर पलट दीं। जवानों ने मो. मजहर की बांस और प्लास्टिक के बोरे से बनी एक दुकान को भी हटाने की कोशिश की।
तब तक दर्जनों दुकानदारों और लोगों की भीड़ वहां जमा हो गई। इसी दौरान हर्षवर्द्धन प्लाजा के कुछ व्यवसायियों ने सुरक्षा जवानों से गुमटियों को बीच सड़क से हटाने या कहीं और ले जाने की मांग की। इसी बात पर दोनों ओर से विवाद बढ़ गया। उसी समय कुछ लोगों ने हर्षवर्द्धन प्लाजा के ऊपर से पत्थर फेंकने शुरू किए जिससे एक जवान घायल हो गया। बचाव में जवानों ने भी भीड़ पर हल्का बल प्रयोग किया।