- Hindi News
- जनविरोधी नीति के खिलाफ झामुमो ने किया उग्र प्रदर्शन
जनविरोधी नीति के खिलाफ झामुमो ने किया उग्र प्रदर्शन
भू-अधिग्रहण अध्यादेश वापस नहीं हुआ तो होगी क्रांति: गौरीशंकर
झामुमोफुसरो नगर समिति प्रखंड कमेटी द्वारा बेरमो प्रखंड मुख्यालय में 15 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व पुराना बीडीओं ऑफिस से जुलूस के साथ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता प्रखंड कार्यालय पहुंचे। यहां सभा का आयोजन किया गया। जिसमें बोकारो जिला सचिव बेनीलाल महतो ने कहा कि केंद्रीय कमेटी के निर्देशानुसार केंद्र की मोदी सरकार द्वारा जन विरोधी नीतियों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भूमि अधिग्रहण अध्यादेश कानून वापस ले तथा झारखंड में स्थानीय नीति निर्धारण करने के बाद ही राज्य में बहाली करवाए। उन्होंने सरकार से विस्थापन नीति बनाने, झारखंड आंदोलन के शहीदों के आश्रितों को चतुर्थवर्गीय कर्मचारी के रूप में बहाली करने अौर उनके अन्य आश्रितों को प्रति माह 10 हजार रुपए पेंशन देने, महंगाई पर राेक लगाने, पारा शिक्षकों को शिक्षक के रूप में सीधे बहाली करने, औद्योगीकरण एंव खनिज खान के लिए रैयतों से ली गई जमीन जो उपयोग में नहीं लाई जा रही है, उसे रैयतों को वापस करने, जविप्र प्रणाली की दुकानों में कालाबाजारी पर रोक लगाने, विस्थापितों को नौकरी एंव मुआवजा देने सहित कई मांगें रखी गई। मौके पर मुनीलाल महतो, संतोष महतो, विश्वनाथ तुरी, मुकेश चौहान, देवीदास, नरेश महतो, कृष्णा थापा, बिगन सोनी, बसंत सोनी, शंकर प्रसाद बेसरा, प्रेमचंद महताे, फिरोज खान, बबलू कुमार आदि शामिल थे।
स्थानीय नीति लागू
करने की मांग
चंद्रपुरा|झामुमोचंद्रपुरा प्रखंड कमेटी द्वारा प्रखंड कार्यालय में झामुमो के जिला उपाध्यक्ष यदु महतो, प्रखंड अध्यक्ष जगदीश महतो प्रखंड सचिव सुभाष चंद्र महतो के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जिसमें झारखंड में स्थानीय नीति लागू करने एवं केंद्र सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण अधिनियम को वापस करने सहित कई मांगों का ज्ञापन बीडीओ मनोज कुमार को सौंपा गया। यहां प्रखंड कमेटी के लोगों ने गाजे-बाजे के साथ प्रदर्शन करते हुए झारखंड एंव केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। जिला उपाध्यक्ष यदु महतो ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भू अधिग्रहण अधिनियम लागू होने से जमीन मालिकों को हक नहीं मिल सकता है। इस अधिनियम का झामुमो विरोध करता है। झारखंड में स्थानीय नीति भी एक अहम मुद्दा है। राज्य सरकार द्वारा की जा रही बहाली में झारखंडियों का हक छीना जा रहा है। झारखंडियों के हित के लिए पहले स्थानीय नीति राज्य में लागू हो। अन्यथा झामुमो केंद्र राज्य सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन करेगी। यहां मो. शमीद आदि थे।
नावाडीह| केंद्र सरकार द्वारा जारी काला कानून भूमि अधिग्रहण अध्यादेश का विरोध करते हुए झामुमो प्रखंड कमेटी द्वारा प्रखंड मुख्यालय में पारंपरिक तीर धनुष तलवार फरसा के साथ प्रदर्शन किया तथा नावाडीह बीडीओ इंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व विधायक प्रतिनिधि गौरीशंकर महतो ने किया।
अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते झामुमो कार्यकर्ता।
सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते आंदोलनकारी।