ग्राम पंचायत चलकरी दक्षिणी के मुखिया ने बोकारो उपायुक्त से जिप 14 में चलकरी दक्षिणी पंचायत को शामिल करने की मांग की है। मांग पत्र में उन्होंने कहा है कि जिला परिषद संख्या 14 के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत अरजुवा, पतकी, तेनुघाट, घखाटांड़, चांपी, खेतको एवं उत्तरी चलकरी पंचायतों को शामिल किया गया है।
जबकि खेतको पंचायत के बाद आने वाली पंचायत चलकरी दक्षिणी पड़ता है। इसलिए नियमत: जिप संख्या 14 में इन पंचायतों के साथ चलकरी दक्षिणी को शामिल किया जाना चाहिए। जबकि खेतको पंचायत सीमा के बाद चार-पांच किलोमीटर दूर पर उत्तरी चलकरी का सीमा पड़ता है। जो दक्षिणी चलकरी को छोड़कर सभी पंचायतों में शामिल करना घोर अन्याय होगा।
मुखिया ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि नक्शा का ठीक से अवलोकन कर जिप संख्या 14 में चलकरी दक्षिणी को शामिल किया जाय। यदि चलकरी उत्तरी को शामिल करना है तो दक्षिणी चलकरी के बाद विचार किया जाना चाहिए। मांग करने वालों में करमचंद हांसदा, अनिल कुमार मुर्मू, सुंदर लाल मांझी, गुलाम समदानी, रामेश्वर यादव, सुखनाथ मुर्मू आदि शामिल हैं।
कालापत्थर और ब्राह्मण द्वारिका को जिप 24 में जोड़ने की मांग
ग्राम पंचायत कालापत्थर के ग्रामीणों ने उपायुक्त से जिला परिषद क्षेत्र परिसिमन संशोधन के संबंध में आवेदन दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि चास प्रखंड के लिए निर्धारित जिला परिषद संख्या 23 में ग्राम पंचायत घटियाली पश्चिमी, घटियाली पूर्वी, सोनाबाद, नावाडीह, कालापत्थर, नारायणपुर, कमलडीह एवं रानीपोखर का संपूर्ण क्षेत्र शामिल है। भौगोलिक एवं परिसिमन की दृष्टिकोण से क्षेत्र संख्या 23 में कालापत्थर को शामिल करना उचित नहीं है। कालापत्थर पंचायत अन्य पंचायत से संबंधित नहीं है ही अन्य पंचायत को जोड़ती है।
भौगोलिक एवं परिसिमन संतुलन के लिए क्षेत्र संख्या 24 में शामिल ग्राम पंचायत भतुआ या चंदाहा को हटाकर कालापत्थर पंचायत को शामिल किया जाय। ग्रामीणों ने उपायुक्त से परिसिमन क्षेत्र का भ्रमण कर जनभावनाओं को जानने का आग्रह किया।
उसी तरह ब्राह्मण द्वारिका पंचायत के ग्रामीणों ने भी उपायुक्त से ब्राह्मण द्वारिका पंचायत क्षेत्र संख्या 25 से हटाकर जिला परिषद संख्या 24 में शामिल करने का अाग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जिप 24 में शामिल होने से इन क्षेत्रों को काफी लाभ होगा।