मिले 20 प्रतिशत बोनस : प्रसाद
बोकारो | सीटूसे संबद्ध इस्पात मजदूर मोर्चा के बैनर तले सीईजेड गेट से जुलूस की शक्ल में मजदूरों ने इस्पात भवन पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए यूनियन के महामंत्री बीडी प्रसाद ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सेल का 20 प्रतिशत ज्यादा शुद्ध मुनाफा हुआ है। वहीं इस मुनाफे में ठेका मजदूरों का परिश्रम कम नहीं है। इसलिए ठेका मजदूरों को भी 20 प्रतिशत बोनस मिलना चाहिए। लीज नवीनीकरण में हो रहे विलंब पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों के प्रति राज्य केंद्र सरकार की भूमिका ठीक नहीं है। दूसरी ओर निजी क्षेत्र की कंपनियों के साथ इनका व्यवहार अच्छा रहता है। सेक्टरों में बिजली और सड़क की स्थिति बिल्कुल ही खराब हो गई है। ठेका मजदूरों की स्थिति बदतर हो गई है। उन्हें पेंशन की सुविधा भी नहीं दी गई है। ठेका मजदूरों को ग्रेच्युटी दिया जाए। सेवानिवृत्त कर्मियों के एरियर की राशि एकमुश्त दी जाए। इस मौके पर आरके गोराईं, उमेश प्रसाद, एसएल गुप्ता, बृजमोहन प्रसाद आदि मौजूद थे।