काला पत्थर में होगा ठोस कचरा प्रबंधन
नगरपरिषद चास के बोर्ड की बैठक में सोमवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि कचरा प्रबंधन के लिए नप काला पत्थर गांव में प्लांट लगाएगा। उल्लेखनीय है कि नप के पास कचरा प्रबंधन के लिए जमीन नहीं है, इसलिए जहां भी खाली जमीन मिलती है, वहीं कचरा फेंक दिया जाता है। वर्तमान में उपायुक्त कार्यालय के सामने कचरा फेंका जा रहा है। नगर विकास विभाग द्वारा निर्देश प्राप्त होने के बाद नप ने काला पत्थर गांव में जमीन की व्यवस्था की है। वहां प्लांट लगाकर कचरा प्रबंधन किया जाएगा। इसके अलावा जोधाडीह मोड़ सब्जी मंडी के बाहर सड़क किनारे सब्जी विक्रेताओं के बैठने से हो रही जाम की समस्या से निपटने के लिए सब्जी मंडी के बाहर बैरिकेडिंग करने का निर्णय लिया गया। बैठक में राजीव आवास योजना के लिए नप के हर क्षेत्र का डीपीआर बनाने, पूजा के अवसर पर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने और डस्टबिन खरीदने का निर्णय लिया गया।