- Hindi News
- अनुरक्षण यांत्रिक विभाग ने किया सराहनीय कार्य
अनुरक्षण यांत्रिक विभाग ने किया सराहनीय कार्य
बीएसएलके सीसीएस विभाग में 450 टन क्षमता के दो एलएच क्रेन हैं, जिसकी मदद से स्टील लैडल को कास्टर पर रखा जाता है तथा खाली लैडल को पिट साइड भेजा जाता। यह दोनों क्रेन सीसीएस के परिचालन के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। एलएच क्रेन- 2 का बैलेंस असेम्बली लम्बे समय से इस्तेमाल के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था जिसे मरम्मत कर लगाया गया था। इस बैलेंस असेम्बली को बदलने की जरूरत थी। परंतु इसके स्पेयर और ड्राइंग उपलब्ध नहीं होने के कारण इस काम को करने में कठिनाई हो रही थी। समस्या के समाधान के लिए महाप्रबंधक (यांत्रिक) एसपी सिंह और उप महाप्रबंधक(सामान्य अनुरक्षण-यांत्रिक) आरके प्रभाकर के मार्गदर्शन में सामान्य अनुरक्षण-यांत्रिक की टीम ने आंतरिक संसाधनों से ही बैलेंस असेम्बली का फैब्रिकेशन कर लिया। क्रेन के सेकेंड स्टेज बैलेंस असेम्बली का कुल वजन 13.2 टन है और इसका लोड डिस्ट्रीब्यूशन पैटर्न भी अन्य क्रेन से भिन्न है जिसके कारण कार्य सम्पन्न करने में परेशानी हो रही थी। ऐसे में बैलेंस असेम्बली को दो टुकड़ो में बनाने का निर्णय लिया गया। पहले सी3 बैलेंस को बनाया गया और फिर सी2 को बनाने के बाद इसे जोड़ा गया। इस चुनौतीपूर्ण कार्य को सामान्य अनुरक्षण-यांत्रिक के लौह क्षेत्र द्वारा सिर्फ एक महीने में ही आंतरिक संसाधनों से पूरा किया गया। इससे पहले बैलेंस असेम्बली का ड्राइंग उपलब्ध नहीं था किंतु बनाने के क्रम में तकनीकी मानकों के अनुरूप इसका ड्राइंग भी नए सिरे से बनाया गया। इस कार्य को सुरक्षापूर्वक सम्पन्न करने में सामान्य अनुरक्षण-यांत्रिक के उप प्रबंधक चंद्रशेखर एवं सुरेश के साथ विभाग की पूरी टीम ने सराहनीय सहयोग किया है। सामान्य अनुरक्षण-यांत्रिक के अलावा मशीन शाप और स्ट्रक्चरल शाप की टीम ने भी इस कार्य में योगदान किया।