मानव जीवन के लिए वृक्ष अनमोल : जीएम
> बीआईवी 3ए में पौधरोपण में बच्चों ने दिखाया उत्साह
भास्करन्यूज | बोकारो
विश्वमें मानव जीवन के लिए वृक्ष अनमोल हैं। स्वच्छ पर्यावरण के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। पर्यावरण से मानव को जीवन के साथ कई बहुमूल्य पदार्थ मिलता है।
यह बातें बोकारो के एचआरडी एवं इस्पात शिक्षा विभाग के जीएम बी मुखोपाध्याय ने सेक्टर 3ए स्थित बोकारो इस्पात विद्यालय में आयोजित पौधा रोपण कार्यक्रम के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में पर्यावरण काफी प्रदूषित हो चुका है। जिसके कारण दुनिया में मानव जीवन पर संकट गया है। देश में प्राकृतिक आपदा आने का प्रमुख कारण भी पर्यावरण की उपेक्षा एवं वृक्षों की अंधाधुंध कटाई से हो रहा है। मुखोपाध्याय ने बच्चों को पौधा रोपण के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि वृक्षों को अपना मित्र बनाते हुए पर्यावरण की रक्षा का संकल्प जीवन में लें। इससे पहले विद्यालय के प्राचार्य जेपी पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष लगाओ जीवन बचाओ का नारा आज के दौर में प्रासंगिक हो गया है। जीवन में अधिक से अधिक पौधा लगाने के प्रति युवाओं को जागरूक होना पड़ेगा। तभी मानव जीवन की रक्षा की जा सकती है।
बच्चोंने दिखाया उत्साह
बुधवारको बोकारो इस्पात विद्यालय सेक्टर 3ए में पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत भूमि पूजन के साथ हुई। पौधरोपण के प्रति बच्चों का उत्साह देखते बन रहा था। इससे पहले अतिथि का स्वागत एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड आफ आनर के साथ किया। इको एवं एथिक्स क्लब के बच्चों ने भी पौधरोपण में हिस्सा लिया। विद्यालय परिसर में सागवान, अशोक, शीशम, जामुन आदि 100 फलदार वृक्षों के पौधे लगाए गए। पौधा लगाने में बच्चों के साथ विद्यालय के केवीएस उमा महेश, बीआईएसएसएस 2सी के प्राचार्य आर्य झा, बीके सिंह, एम मेहता, मालती, एन बाला, एएफ मरियादास, एसके पांडेय, डब्ल्यू मिश्रा आदि उपस्थित थे।