शराब के खिलाफ सड़क पर उतरेंगी महिलाएं
> शराब चुलाई बंद कराने के लिए महिलाओं ने निकाला जुलूस
> थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंप कहा पुलिस रोके मौत का सिलसिला
भास्करन्यूज | बोकारो
अवैधशराब का धंधा बंद कराने के लिए चास की महिलाओं ने विभिन्न मुहल्लों में जुलूस निकाला। नारा लगाते हुए मुहल्लों का भ्रमण कर जुलूस चास थाना पहुंची, वहां चास थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। इसका नेतृत्व महिला नेत्री रीतुरानी सिंह कर रही थीं। इस अवसर पर नशा मुक्त हो चास शहर का नारा देते हुए रीतुरानी ने कहा कि शहर में अवैध शराब व्यवसायियों द्वारा खुले आम शराब बेची जा रही है। इसके कारण मौत का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। परिवार बर्बाद हो रहे हैं। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में शराब का अवैध कारोबार होने से महिलाएं, युवतियां और बच्चों का जीना मुहाल हो गया है। सिंह ने कहा कि शराब के अवैध कारोबारी बच्चों के माध्यम से अवैध कारोबार कर रहे हैं। इससे बच्चों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। कई लोगों की अकाल मौत हो चुकी है और अगर यह धंधा बंद नहीं हुआ तो मौत का सिलसिला जारी रहेगा। पुलिस मौत का सिलसिला रोके।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन अगर 10 दिन के अंदर अवैध शराब कारोबार पर रोक नहीं लगाती है, तो महिलाएं हरवे हथियार के साथ निकल कर अवैध शराब कारोबारियों को उखाड़ फेंकेंगी। इस अवसर पर पूनम यादव, माधुरी बाउरी, पेनी देवी, मेनका देवी, उमा देवी, यशोदा देवी, कल्पना देवी, नीतू सोरेन, सोनम दूबे, सुषमा, नाज खातून, अमिना खातून, बेबी देवी आदि उपस्थित थीं।
चास थाना परिसर में संबोधित करती महिला नेत्री।।