बोकारो | नवरात्र में नगर के सेक्टर चार एफ के मैदान में डीजे अर्पिता की धुन के साथ डांडिया नृत्य पर बच्चों के साथ शहरवासी झूमे। अवसर था डांडिया लाइव उत्सव का। रविवार को सेक्टर 4 एफ पार्क मैदान में ब्रेकिंग न्यूज इवेंट के तत्वावधान में डांडिया लाइव उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव का उदघाटन मुख्य अतिथि बीपीएससीएल के सीईओ राकेश भार्गव, एसआरयू के सीईओ सिद्धार्थ पाल, जीएम नगर सेवा राजवीर सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया। डांडिया लाइव उत्सव में बोकारो के छोटे बच्चों ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि डांडिया नृत्य हमारी संस्कृति से जुड़ा है। मां दुर्गा की आराधना भी श्रद्धालु डांडिया नृत्य करने के साथ नवरात्र उत्सव को धूमधाम से मनाते हैं। इस अवसर पर सीआरपीएफ के कमांडेंट डा. संजय कुमार, एडीएम धनबाद अनिल सिंह आदि उपस्थित थे।
डीजे पर झूमे शहरवासी: बोकारो में पहली बार आयोजित किए गए डांडिया लाइव उत्सव में कोलकाता से आई डीजे अर्पिता ने बालीवुड गीत, रिमिक्स तथा लोकप्रिय डांडिया गीत की मनमोहक प्रस्तुति से उत्सव में उपस्थित शहरवासियों को झूमने पर विवश कर दिया। अर्पिता ने मधुर गीत की प्रस्तुति के साथ डांडिया नृत्य में शामिल सभी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए डांडिया लाइव उत्सव को यादगार शाम में बदल दिया। जबकि उर्वशी तलवार ने कार्यक्रम का संचालन किया।
एक से बढ़कर एक प्रस्तुति: डांडिया लाइव उत्सव में मैया यशोदा गीत पर छात्रा प्रीति राय ने शानदार एकल नृत्य की प्रस्तुति से समारोह में समा बांधा तो खुशी कुमारी और मेघा खंडेलवाल ने नगाड़े संग ढोल बाजे गीत पर शानदार एकल डांडिया नृत्य की प्रस्तुति से सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्सव में नित्या, तनिशा, राघव, शिप्रा ने फिल्मी गीत झांझरिया... पर समूह डांडिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति कर खूब तालियां बटोरी। तो तनिशा ने आकर्षक परिधान में बटरफ्लाई नृत्य की शानदार प्रस्तुति की। कार्यक्रम में सात्विक पांडा का गणेश वंदना पर एकल नृत्य की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।