ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी भाजपा : समरेश
आगामीविधानसभा चुनाव में बोकारो विधानसभा सीट पर भाजपा एक लाख से अधिक मतों के अंतर से जीतेगी। यह पूरे झारखंड में कीर्तिमान स्थापित करेगी। यह कहना है बोकारो के निवर्तमान विधायक समरेश सिंह का। वे सेक्टर एक स्थित सांसद आवास में बोकारो विधानसभा के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव में बूथ स्तर के कार्यकर्ता भाजपा को वोट दिलाने में सफल रहे हैं। इस बार और अधिक ताकत के साथ मैदान में उतर कर नए पुराने सभी कार्यकर्ता ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव, कस्बा, वार्ड और मुहल्लों सहित सभी सेक्टरों में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने के साथ प्रदेश नेतृत्व के मिशन 55+ को सफल बनाने में सहभागिता निभाएंगे। जिलाध्यक्ष अंबिका खवास ने कहा कि विधानसभा सम्मेलन में बूथ से लेकर जिलास्तर के सभी कार्यकर्ताओं सहित नए पुराने सभी कार्यकर्ताओं की सहभागिता अपेक्षित है। विधानसभा प्रभारी मधुसूदन सिंह ने कहा कि बोकारो विस क्षेत्र झारखंड का सबसे बड़ा विस क्षेत्र है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा नौ अक्टूबर को आहूत विधानसभा सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने में सभी कार्यकर्ता लग जाएं। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष मिहिर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह, कृष्ण कुमार मुन्ना, सुनील गोस्वामी, अशोक जगनानी, घनश्याम सिंह, कमलेश राय, विपिन, सागर सिंह, माथुर मंडल, शंकर रजत आदि उपस्थित थे।
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते विधायक समरेश सिंह।