चैंबर के सहयोग से किया पौधारोपण
वृक्षोंकी हमारे अस्तित्व के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका है। बोकारो चैम्बर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज का साथ एवं स्कूल के प्राचार्य एसएस यादव की मेहनत तथा बोकारो प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए पौधे एवं सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के सहयोग से बीआईवी आठ सी में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) बी मुखोपाध्याय उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रकृति से प्यार होना चाहिए। विशिष्ट अतिथि राजवीर सिंह ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि अगर इच्छा शक्ति हो कुछ भी संभव है। प्रारंभ में चैम्बर से प्रकाश कोठारी एवं राजकुमार प्रिय ने स्कूल की बाउंड्रीवाल को ठीक करवाने एवं पौधों के लिए जमीन तैयार करने में सहयोग मांगा। बोकारो चैम्बर आफ कामर्स के महासचिव प्रकाश कोठारी ने स्कूल के प्राचार्य एवं विद्यार्थियों से पौधों की सुरक्षा के लिए प्रेरित किया तथा आशा व्यक्त किया कि लगाये गये पौधे एक दिन छायादार वृक्ष का रूप लेंगे। उन्होंने कहा कि एक पौधा दो एसी के बराबर काम करता है। कार्यक्रम में उपमहाप्रबंधक (शिक्षा) प्रभाशंकर द्विवेदी ने भी अपने विचार रखे एवं इस प्रकार के कार्यक्रम के आयोजन पर हर्ष व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरीय प्रबंधक (शिक्षा) कामता प्रसाद, विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य एवं बोकारो चैम्बर के रंगनाथ उपाध्याय एवं राजकुमार प्रिय विशेष रूप से उपस्थित थे।