पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • विकास की धारा बहाएगी भाजपा : शिवराज चौहान

विकास की धारा बहाएगी भाजपा : शिवराज चौहान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
(मंच पर उपस्थित शिवराज सिंह चौहान और अन्य भाजपा नेता।)
बोकारो। झारखंड को कांग्रेसियों और वर्तमान हेमंत सरकार ने बर्बाद कर रख दिया है। राज्य को सिर्फ इन सभी दलों ने लूट-खसोट का अड्डा बना दिया है। जिस राज्य में प्राकृतिक संपदा प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हो वहां की जनता गरीबी का दंश झेल रही है। ग्रामीणों के चेहरे पर मायूसी तथा युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। इसके जिम्मेवार कांग्रेसी हैं।
यह बातें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सह भाजपा के स्टार प्रचारक शिवराज सिंह चौहान ने लोगों काे संबोधित करते हुए कही। बुधवार को सेक्टर 9 स्थित वैशाली मोड़ में आयोजित भाजपा की चुनावी सभा में लोगों को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि झारखंड के लिए यह चुनाव ऐेतिहासिक है। राज्य को 14 वर्षों के वनवास से मुक्ति दिलाने के लिए भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। देश के दूसरे राज्यों जहां भाजपा की सरकार है जैसे गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में विकास की धारा तेज गति से चल रही है।
24 घंटे बिजली की सुविधा, किसानों को खेती के लिए पानी की व्यवस्था उपलब्ध है। भाजपा झारखंड की तकदीर बदलने के लिए यह चुनाव लड़ रही है। झारखंड में इतना कोयला है की अगर उसका दोहन बंद हो जाए तो झारखंड देश में न. 1 राज्य बन जाएगा।
सभा की अध्यक्षता भाजपा के नगर अध्यक्ष सुनील गोस्वामी तथा मंच का संचालन नगर महामंत्री कमलेश राय ने किया। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि झारखंड 14 वर्ष की उम्र में 9 मुख्यमंत्री को देख चुका है। राज्य के विकास को अवरूद्ध करने में खिचड़ी सरकार पूर्ण रूप से जिम्मेदार है। जब भी भाजपा की गठबंधन सरकार काम करने के लिए आगे बढ़ी तो कांग्रेसियों ने राज्य को स्थिर करने का काम किया।
कहीं का ईंट कही का रोड़ा भानुमति ने कुनबा जोड़ा और उसमें से निकले मुख्यमंत्री मधु कोड़ा। उन्होंने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से कांग्रेसियों, राजद, जदयू आदि पार्टी के नेताओं को पसीना रहा है। कांग्रेस, राजद, जदयू, जेएमएम आदि सभी एक ही थैली के चट्टे बट्टे हैं। मोदी नाम के डर से देश के सारे भ्रष्‍टाचारी एक जगह जमा हाेने लगे हैं।
जनताके विकास के लिए खड़ा हूं : सिंह
सभामें धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने कहा कि 14 वर्षों बाद पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के लिए भाजपा चुनाव लड़ रही है। राज्य में भाजपा ही एक मात्र पार्टी है जो अपनी नीतियों, सिद्धांत एवं विकास के लिए चुनाव लड़ रही है। केंद्र की भाजपा सरकार जनता के हित में कार्य कर रही है। भाजपा प्रत्याशी विरंची नारायण ने कहा कि जनता की सेवा के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। भाजपा मेरी मां की तरह है।

और मंच पर ही गिर पड़े बाटुल दा : मंच पर बेरमो के भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल भी आसीन थे। अचानक उठकर जब वे चलने लगे तो लडख़ड़ाकर गिर पड़े। तब इन्हें चौहान के अंगरक्षकों ने सहारा देकर उठाया।
- कहा, कांग्रेस और हेमंत सरकार ने झारखंड को बर्बाद किया।